कानपुर-हमीरपुर- सागर हाईवे पर लगे जाम में फंसे वाहन। जागरण
जागरण संवाददाता, हमीरपुर। बेतवा पुल पर खाली डंपर खराब होने से करीब पांच किमी. लंबा जाम कानपुर सागर हाईवे पर लग गया, जिसके कारण स्कूली बच्चे जाम में फंसे रहे और कई यात्रियों को भी जाम का सामना करना पड़ा। जाम की सूचना पर पहुंची यातायात पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर को हटवाया। इसके बाद वाहनों का आवागमन शुरू हो सका। करीब दो घंटे लगे इस से सैकड़ों लोग परेशान दिखे।
सोमवार की सुबह करीब नौ बजे कानपुर हमीरपुर सागर हाईवे स्थित बेतवा पुल पर सुमेरपुर की ओर जा रहा खाली डंपर खराब हो गया। डंपर के स्टार्ट न होने से कुछ ही देर में हाईवे पर वाहनों की कतारें लगना शुरू हो गईं और देखते ही देखते सैकड़ों वाहन जाम में फंस गए। धीरे-धीरे जाम बेतवा पुल से यमुना पुल और दुर्गा मोड़ तक पहुंच गया। वहीं सुमेरपुर की ओर यह जाम कुछेछा तक पहुंच गया।
सुबह के समय जाम लगने के कारण कई स्कूली बसों में सवार छात्र छात्राएं भी जाम का शिकार हो गए। उन्हें जाम के कारण स्कूल जाने में देर हुई। इतना ही नहीं रोडवेज बसें, कार सवार और बाइक सवार भी इस जाम में फंसे नजर आई। जाम में फंसे लोगों ने बताया कि हाईवे पर लगने वाले जाम के कारण आएदिन लोगों को परेशानी होती है, लेकिन इस पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
करीब दो घंटे तक पांच किमी. से अधिक दूरी तक हाईवे पर जाम रहा। यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह और सदर कोतवाल पवन पटेल पुलिस टीम के साथ जाम खुलवाते नजर आए। यातायात प्रभारी हरवेंद्र सिंह ने बताया कि बेतवा पुल पर खाली डंपर खराब होने से जाम लगा था। क्रेन से डंपर को हटवा दिया गया है और अब वाहनों का संचालन हो रहा है। |