सरफराज खान ने लगाया शतक।
जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। रणजी के नाकआउट दौर में पहुंचने की उम्मीद के लिए एक सीधी जीत की सख्त जरूरत के साथ गुरुवार को मैदान पर उतरी उत्तर प्रदेश टीम के गेंदबाज पहले दिन ही हांफते नजर आए। झारखंड ने प्रारंभिक बल्लेबाज शरणदीप सिंह के नाबाद शतक की बदौलत स्टंप्स तक एक विकेट पर 279 रन बना लिए। उप्र टीम में खिलाड़यों के गलत चयन इस मुकाबले में साफ नजर आया।
शिवम मावी 18, कुणाल त्यागी 14 और कार्तिक यादव 26 ओवर गेंदबाजी करके भी एक विकेट हासिल नहीं कर सके। वहीं, विप्रज निगम ने तो 22 ओवर में ही बिना विकेट के 97 रन लुटाकर सबसे महंगे साबित हुए। झारखंड के बल्लेबाजों ने न सिर्फ इन सभी गेंदबाजों के विरुद्ध लगातार स्ट्राइक रोटेट करते रहे, बल्कि इनकी अधिकांश कमजोर गेंदों पर शानदार बाउंड्री भी लगाईं।
अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे इस मुकाबले में पहले दिन का खेल खत्म होने तक झारखंड के शरणदीप 269 गेंदों पर 128 रन बनाकर खेल रहे थे। उनका साथ दे रहे आर्यमन सेन 126 गेंदों पर 64 रन बनाकर खेल रहे थे। इससे पहले शरणदीप के प्रारंभिक जोड़ीदार शिखर मोहन ने भी अच्छा खेलते हुए 123 गेंदों पर 78 रन बनाए। शरणदीप और शिखर ने पहले विकेट के लिए 147 रन जोड़े, जिसके बाद शरणदीप ने दूसरे विकेट के लिए 132 रनों की एक और साझेदारी की। झारखंड अंक तालिका में तीसरे और उत्तर प्रदेश चौथे स्थान पर है।
रिंकू ओर जुरैल की भी खलेगी कमी
मेजबान टीम उत्तर प्रदेश इस मैच में रिंकू सिंहह की सेवाओं से वंचित है, जो न्यूजीलैंड के विरुद्ध चल रही टी-20 सीरीज में राष्ट्रीय ड्यूटी पर हैं। इससे पहले रिंकू इस सीजन में टीम के लिए 341 रन बना चुके हैं। रिंकू के अलावा ध्रुव जुरैल की कमी भी उत्तर प्रदेश को खल सकती है।
शून्य पर आउट हुए शुभमन गिल
शुभमन गिल की रणजी ट्राफी में वापसी दो गेंदों पर शून्य पर आउट होने के साथ खत्म हुई। हालांकि रणजी के ग्रुप बी के इस मुकाबले में गिल की टीम पंजाब ही नहीं बल्कि उनकी विरोधी टीम सौराष्ट्र के बल्लेबाजों को भी टर्निंग पिच पर संघर्ष करना पड़ा। गिल को बाएं हाथ के स्पिनर पार्थ भुत ने विकेट के सामने फंसाया। सौराष्ट्र के 172 पर आलआउट होने के बाद मेहमान पंजाब टीम 139 पर ढेर हो गई।
इसके बाद सौराष्ट्र अपनी दूसरी पारी में फिर से लड़खड़ा गया, स्टंप्स तक छह ओवर में सिर्फ 24 रन और कुल 57 रन की बढ़त पर तीन विकेट गंवा दिए। सौराष्ट्र के लिए भुत ने 33 रन देकर पांच विकेट लिए, जबकि रवींद्र जडेजा ने भी दो विकेट चटकाए। इससे पहले पंजाब के लिए बाएं हाथ के स्पिनर हरप्रीत बरार (6/38) का शानदार प्रदर्शन किया। ग्रुप बी के अन्य मुकाबलों में कर्नाटक ने स्टंप्स तक मध्य प्रदेश को पांच विकेट पर 244 रन पर रोक दिया। वहीं केरल के 139 पर आल आउट होने के बाद चंडीगढ़ ने एक विकेटपर 142 रन बना लिए।
सुदीप ने नाबाद शतक बंगाल वापसी कल्याणी
अनुभवी बाएं हाथ के बल्लेबाज सुदीप चटर्जी ने नाबाद शतक जड़कर बंगाल को गुरुवार को पहले दिन स्टंप्स तक सर्विसेज के विरुद्ध चार विकेट पर 340 रन बना लिए। इसमें कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने भी शानदार 81 रन बनाए। अन्य मुकाबले में स्पिनर मयंक मिश्रा और युवा जन्मेजय जोशी ने मिलकर सात विकेट लिए, जिससे मेजबान त्रिपुरा उत्तरखंड के सामने 266 रन पर आलआउट हो गया।
सरफराज ने लगाया शतक
सरफराज खान के नाबाद शतक की बदौलत पहले दिन मुंबई मजबूत स्थिति में पहुंच गई है। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने हैदराबाद के खिलाफ 4 विकेट खोकर 332 रन बना लिए हैं। सरफराज खान 164 गेंदों पर 142 रन बनाकर नाबाद हैं। इस दौरान वह 11 चौके और 5 छक्के लगा चुके हैं। सरफराज घरेलू क्रिकेट में लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें- Ranji Trophy Plate Group Final: कप्तान सकीबुल गनी के शतक से पहले दिन बिहार का स्कोर 300 के पार, मजबूत शुरुआत
यह भी पढ़ें- Ranji Trophy में वापसी पर फेल हुए शुभमन गिल, पंजाब के कप्तान का नहीं खुल सका खाता |
|