नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। भारतीय सेना में इस साल की अग्निवीर भर्ती के लिए दो दिन में नोटिफिकेशन जारी हो सकता है। पहले तीन फरवरी से ऑनलाइन विंडो खुलनी थी, लेकिन तारीख आगे बढ़ गई। नोटिफिकेशन आने के बाद लिखित परीक्षा के लिए आवेदन शुरू हो जाएंगे। अधिकारियों ने तैयारी शुरू कर दी है। मार्च तक ऑनलाइन आवेदन होंगे और अप्रैल के पहले सप्ताह में लिखित परीक्षा होने के बाद शारीरिक परीक्षा होगी।

ग्वालियर, चंबल और बुंदेलखंड अंचल के दस जिलों की शारीरिक परीक्षा कहां आयोजित करानी है, इसे लेकर सेना के अधिकारी तीन जिलों में पुलिस-प्रशासन से चर्चा कर पत्राचार करेंगे। पिछले साल 1716 अग्निवीर यहां से सेना को मिले। अग्निवीर बनने के लिए ग्वालियर और चंबल अंचल के युवाओं में उत्साह है। पिछले साल यहां से 1716 अग्निवीर सेना को मिले।


यह संख्या इस साल दो हजार से अधिक हो सकती है। तैयारी कर रहे युवाओं की संख्या भी बढ़ी है, जिसकी वजह बीएसएफ सहित अन्य अर्द्धसैनिक बलों में आरक्षण व विभिन्न राज्यों की पुलिस भर्ती में अग्निवीरों को प्राथमिकता दिया जाना है। वर्जन: जल्द ही लिखित परीक्षा के लिए नोटिफिकेशन जारी होने वाला है। तैयारी शुरू कर दी गई है। - कर्नल पंकज कुमार, निदेशक, सेना भर्ती कार्यालय।
|