स्टेशन पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते यात्री। जागरण
जागरण संवाददाता, कानपुर। Indian railways news: कोहरे की मार से एक तो यात्री वैसे ही परेशान हैं, ट्रेन लेट होने से उनको खाना भी नहीं मिल रहा है। दिल्ली से कानपुर आने वाली वंदे भरत दिल्ली से ही तीन घंटे देरी से चली। यहां शाम 7:08 बजे कि बजाय रात 12 बजे पहुंची। ट्रेन में यात्रियों को भोजन भी नहीं दिया गया। भूखे पेट यात्रियों ने नाराजगी जताई। रेलवे की व्यवस्था पर सवाल भी उठाए।वहीं कोहरे की वजह से राजधानी सहित 89 ट्रेनें चारसे 18 घंटे तक देरी से स्टेशन पहुंची। 2374 यात्रियों ने यात्रा निरस्त कर टिकट वापस कर दिए। विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें
प्रीमियम ट्रेनें लेट होने पर सुविधा नहीं मिलने से यात्रियों में नाराजगी
नई दिल्ली से कानपुर सेंट्रल आने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस का दिल्ली से रवाना होना का समय दोपहर तीन बजे। यह ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर शाम 7:08 बजे आती है। ट्रेन दिल्ली से ही शाम छह बजे रवाना हुई। यात्रियों ने जब जानकारी की तो बताया गया कि कोहरे की वजह से ट्रेन लेट है। ट्रेन में कोच नंबर सी आठ की सीट नंबर 34 पर यात्रा कर रहीं अश्लेषा साहनी ने बताया कि ट्रेन सेंट्रल स्टेशन पर रात 12 बजे के बाद पहुंची। प्रीमियम ट्रेन तीन घंटे लेट होने पर यात्रियों को भोजन देने का प्रविधान है। इसके बावजूद यात्रियों को खाना नहीं दिया गया। यात्रियों को भूखे रहकर पूरी यात्रा करनी पड़ी। उन्होंने सेंट्रल स्टेशन ट्रेन पहुंचने पर रेलवे अधिकारियों से शिकायत की।
ये ट्रेनें भी रहीं लेट
उधर कोहरे की वजह से रविवार को भी ट्रेनों की लेट लतीफी जारी रही। नियमित ट्रेनों के साथ स्पेशल ट्रेनें घंटों लेट रही। सर्दी में ट्रेनों की प्रतीक्षा में यात्री ठिठुरते रहे। यात्रियों ने ट्रेनों की लेट लतीफी की शिकायत एक्स पर दर्ज कराई। अव्यवस्थाओं को दूर करने की मांग भी की।
- वंदे भारत चार घंटे, लखनऊ-नई दिल्ली तेजस छह घंटे
- डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी 10 घंटे
- आनंदविहार-राजधानी 7:45 घंटे
- नई दिल्ली-कानपुर सेंट्रल श्रम शक्ति एक्सप्रेस छह घंटे
- एलटीटी-कानपुर सेंट्रल स्पेशल 18 घंटे
- बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल 16 घंटे
- एलटीटी सूबेदारगंज स्पेशल 14 घंटे
- कालिंदी एक्सप्रेस पांच घंटे
- दरभंगा स्पेशल पांच घंटे देरी से सेंट्रल स्टेशन पहुंची।
यात्री निरस्त करा रहे टिकट
ट्रेनों की स्थिति जानने के लिए पूछताछ काउंटर पर यात्री एकत्र रहे। यात्री स्क्रीन पर भी ट्रेनों की स्थिति को देखते रहे। जिन यात्रियों की ट्रेनें कई घंटे देरी से पहुंचना थी, उनमें से कई ने टिकट निरस्त करा दिए। यात्रियों ने ट्रेनों के लेट होने पर रेलवे के एक्स अकाउंट पर अपनी नाराजगी जताई। यात्रियों का कहना था कि ट्रेनों के लेट होने से वे सही समय पर गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से जरूरी काम नहीं हो रहे हैं। |