पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जागरण
जागरण संवाददाता, बहादुरगढ़। उत्तर प्रदेश के शहजानपुर जिले से अपने फूफा के साथ काम की तलाश में आई 35 वर्षीय महिला को रात ढाई बजे पांच दरिंदे हाईवे से खींच ले गए और एक बंद ढाबे पर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बहादुरगढ़ में टीकरी बॉर्डर के नजदीक यह घटना हुई। देर तक दरिंदे उसे नोचते रहे।
पीड़िता इतनी दहल गई कि पुलिस को बयान देने तक तैयार नहीं थी, लेकिन सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद मिली। यह देख पुलिस ने पीड़िता की काउंसलिंग और मेडिकल जांच करवाई। साथ ही तत्परता दिखाते हुए एआई और सोशल मीडिया की मदद से आठ घंटे के भीतर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, सभी बिहार मूल के रहने वाले हैं। पांचवें की तलाश जारी है। अभी इनके नाम-पता की जानकारी पुलिस ने सार्वजनिक नहीं की है। झज्जर पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि पीड़िता यहां काम की तलाश में अपने फूफा के साथ बस से बहादुरगढ़ पहुंची थी।
सोमवार रात करीब दो बजे श्रीराम मेट्रो स्टेशन पर उतरी। यहां से पांच युवकों ने उसका पीछा किया। करीब 2:30 बजे दिल्ली-रोहतक रोड स्थित एक ढाबे पर उसे खींच ले गए और सभी ने उसके साथ दुष्कर्म किया।
दरिंदों ने ठेके से खरीदी देशी शराब
घटना का पता लगते ही महिला थाना, थाना शहर और सीआईए की टीमें कार्रवाई में जुटी। पीड़िता के बयान दर्ज किए। वह इतनी डरी-सहमी थी कि दुष्कर्म की बजाय छानाझपटी की बात कह रही थी, मगर पुलिस को वारदात स्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज मिल गई। इससे पुलिस को पूरी कहानी पता लगी। फिर मेडिकल परीक्षण के बाद इलाका मजिस्ट्रेट के समक्ष पीड़िता के बयान दर्ज कराए गए। लीगल एडवाइजर से काउंसलिंग करवाई गई।
पुलिस जांच में पता लगा कि आरोपियों द्वारा शराब ठेके पर पेटीएम से भुगतान किया गया था। उन्होंने 130 रुपये की देशी शराब की बोतल ली। 100 रुपये उनके पास थे। 30 रुपये डिजिटल ट्रांजेक्शन की थी। इसी से पुलिस को उनका फोन नंबर मिला। फिर एआई और सोशल मीडिया की मदद ली। छोटूराम नगर क्षेत्र में किराये पर रहने वाले बिहार निवासी इन आरोपियों तक पुलिस पहुंच गई। चार को दबोच लिया।
यह भी पढ़ें- 2 करोड़ रुपये टैक्स बकाया, नगर निगम ने संपत्ति को किया सील; एक्शन से इलाके में मचा हड़कंप
बुधवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। बताया गया है कि पुलिस द्वारा पीड़िता से आरोपियों की पहचान करवाई जाएगी। इसके बाद आरोपियों के नाम-पता की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की संभावना है। |
|