LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 366
रांची हवाईअड्डे पर आचार्य मृदुल कृष्ण शास्त्री का स्वागत करते आयोजन समिति के लोग।
जागरण संवाददाता, धनबाद। गोविंदपुर क्षेत्र में आगामी शनिवार से श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का भव्य और दिव्य आयोजन किया जा रहा है। यह सात दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान 17 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से शाम 7 बजे तक आयोजित होगा। कथा स्थल धनबाद के गोविंदपुर स्थित राज विलास रिसॉर्ट को बनाया गया है, जहां श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए व्यापक तैयारियां की गई हैं।
यह आयोजन देश के सुप्रसिद्ध कथा वाचक आचार्य गोस्वामी श्री मृदुल कृष्ण जी महाराज के श्रीमुख से संपन्न होगा। उनके प्रवचनों को सुनने के लिए झारखंड के साथ ही पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।
आचार्य मृदुल कृष्ण शास्त्री धनबाद पहुंच चुके हैं। वे शुक्रवार की शाम नई दिल्ली से रांची हवाई अड्डा पहुंचे, जहां आयोजन समिति के सदस्यों ने पारंपरिक तरीके से उनका भव्य स्वागत किया। इसके बाद वे सड़क मार्ग से धनबाद के लिए रवाना हुए।
कथा के प्रथम दिवस 17 जनवरी, शनिवार को श्रीमद्भागवत महात्म्य एवं मंगलाचरण का पाठ किया जाएगा। इसी दिन दोपहर 1 बजे कलश यात्रा का आयोजन होगा। यह यात्रा राज विलास रिसॉर्ट स्थित मंदिर से प्रारंभ होकर कथा स्थल तक जाएगी। कलश यात्रा में सैकड़ों श्रद्धालु, महिलाएं एवं युवतियां पारंपरिक परिधान में सिर पर कलश लेकर भाग लेंगी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो जाएगा।
आयोजकों के अनुसार, श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की दिव्य लीलाओं, भक्ति, ज्ञान, वैराग्य और धर्म का गूढ़ संदेश दिया जाएगा। कथा के दौरान संगीतमय भजन-कीर्तन और प्रवचन होंगे, जो श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर देंगे।
इस धार्मिक आयोजन का निमंत्रण मिथालिया परिवार की ओर से दिया गया है। आयोजकों ने धनबाद और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीमद्भागवत कथा का पुण्य लाभ प्राप्त करने की अपील की है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और तैयारियां अंतिम चरण में हैं। |
|