LHC0088 • 3 hour(s) ago • views 196
जागरण संवाददाता, प्रयागराज। आज के डिजिटल युग में इंटरनेट ने जीवन को आसान और सुविधाजनक बना दिया है, लेकिन इसके साथ ही साइबर अपराधों की नई-नई रणनीतियां भी उभर रही हैं। इन दिनों साइबर अपराधी शादी के आनलाइन निमंत्रण कार्ड का सहारा लेकर लोगों को ठग रहे हैं।
साइबर अपराधियों की यह एक ऐसी चाल है, जिसमें कोई भी व्यक्ति आसानी से फंस सकता है। यह सभी निमंत्रण कार्ड एपीके फाइल से भेजा जा रहा है। ऐसे में हर किसी को बेहद सावधानी की जरूरत है।
साइबर अपराधी हमेशा मौके का फायदा उठाते हैं। त्योहार के समय वह लोगों के मोबाइल नंबर पर तमाम आफर संबंधित संदेश भेजते हैं। कुछ लोग इन झांसों में फंसकर अपनी मेहनत की कमाई गवां देते हैं। अब वैवाहिक कार्यक्रम शुरू होने वाले हैं।
ऐसे में लोगों को ठगने के लिए साइबर अपराधियों ने निमंत्रण कार्ड को माध्यम बनाया है। साइबर अपराधी एक शादी का निमंत्रण कार्ड तैयार करते हैं, जिसे एक आकर्षक लिंक के रूप में भेजा जाता है। यह लिंक वाट्सएप के माध्यम से भेजा जाता है।
इसकी फाइल एपीके होती है। लिंक को इस तरह से डिजाइन किया जाता है कि वह असली निमंत्रण जैसा दिखे। इसमें सुंदर ग्राफिक्स और भावुक संदेश शामिल होते हैं, जैसे \“आपके बिना हमारी शादी अधूरी है, आपका आना बेहद जरूरी है\“ आदि।
जब कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, तो उसके डिवाइस में मैलवेयर इंस्टाल हो जाता है। यह मैलवेयर उनकी व्यक्तिगत जानकारी जैसे बैंकिंग डिटेल्स, पासवर्ड और अन्य डेटा चोरी करने में सक्षम होता है। इसके बाद साइबर अपराधी आसानी से बैंक खाते से रकम ट्रांसफर कर लेते हैं।
ऐसे करें बचाव
- किसी अनजान व्यक्ति से शादी का निमंत्रण लिंक मिलता है तो उसे खोलने से बचें।
- लिंक पर क्लिक करने से पहले उसकी वैधता की जांच करें।
- एपीके फाइल किसी भी सूरत में डाउनलोड न करें।
- नियमित रूप से अपने बैंक स्टेटमेंट की जांच करें।
- किसी भी संदिग्ध लेनदेन की जानकारी साइबर क्राइम पुलिस को दें।
- साइबर अपराध से संबंधित जानकारी तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर दें।
|
|