विदेश भेजने के नाम पर धोखाधड़ी, अपहरण का मामला।
जागरण संवाददाता, हिसार। विदेश भेजने के नाम पर अपहरण, मारपीट और ठगी करने के मामले में कार्रवाई करते हुए सिविल लाइन थाना पुलिस ने जालंधर निवासी आरोपित सोमनाथ उर्फ संधू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपित को अदालत में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। मामले में जांच अधिकारी एएसआइ विनोद कुमार ने बताया कि गांव बिठमड़ा निवासी जगजीत सिंह ने शिकायत दी थी। उसने शिकायत में आरोप लगाया था कि आरोपितों ने उसे अमेरिका भेजने का झांसा देकर कुल 35 लाख रुपये की मांग की।
साजिश के तहत उसे पहले दुबई और फिर अफ्रीका के माली स्थान पर भेजा गया था। जहां उसे बंधक बनाकर एक कमरे में बंद रखा गया। इस दौरान उसके साथ मारपीट कर नकदी और पासपोर्ट छीन लिया गया।
जान से मारने की धमकी देकर अतिरिक्त 10 लाख रुपये की फिरौती वसूली गई थी। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपितों ने उससे करीब 26.97 लाख रुपये की ठगी की, जिसमें नकद राशि, विदेशी मुद्रा व यात्रा खर्च शामिल है।
सिविल लाइन पुलिस ने इस संबंध में 16 जुलाई 2024 को केस दर्ज किया था। पुलिस ने अब कार्रवाई करते हुए पंजाब के जालंधर निवासी आरोपित सोमनाथ उर्फ संधू को गिरफ्तार किया है। आरोपित को तीन दिन के रिमांड पर लिया है। |