वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंके गए। जागरण
जागरण संवाददाता, सोनीपत। देश की हाईस्पीड और आधुनिक ट्रेनों में शामिल वंदे भारत एक्सप्रेस एक बार फिर असामाजिक तत्वों के निशाने पर आ गई। नए साल की शुरुआत के पहले ही माह में दिल्ली से श्री माता वैष्णो देवी, कटरा जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर पत्थर फेंकने की पहली घटना सामने आई है।
यह घटना मंगलवार शाम सोनीपत स्टेशन से पहले शुगर मिल के पास दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर हुई, जिससे रेलवे सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।
नई दिल्ली से कटरा जंक्शन की ओर जा रही ट्रेन संख्या 22477 श्री माता वैष्णो देवी, कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस जब सोनीपत क्षेत्र से गुजर रही थी, तभी अप ट्रैक पर शुगर मिल के पास कुछ शरारती तत्वों ने ट्रेन पर पत्थर फेंके। गनीमत यह रही कि इस घटना में किसी यात्री या रेलकर्मी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन ट्रेन की सुरक्षा और यात्रियों की जान को लेकर खतरे की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।
वहीं, घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) हरकत में आया। आरपीएफ थाना में अज्ञात आरोपित के खिलाफ रेलवे एक्ट की धारा 153 के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल का निरीक्षण कर लोगों को समझाया
आरपीएफ थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संगम यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने उप निरीक्षक शहाबुद्दीन, धर्मेंद्र कुमार और अन्य स्टाफ के साथ मौके का निरीक्षण किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास रहने वाले लोगों, युवाओं और बच्चों से बातचीत कर उन्हें ट्रेनों पर पत्थरबाजी के खतरनाक परिणामों के बारे में समझाया। साथ ही रेल संपत्ति को नुकसान न पहुंचाने और यात्रियों की सुरक्षा में सहयोग करने की अपील की गई।
ऑपरेशन दोस्ती अभियान किया तेज
ट्रेनों पर पत्थरबाजी की लगातार बढ़ रही घटनाओं को देखते हुए आरपीएफ ने आपरेशन दोस्ती अभियान को और तेज कर दिया है। बुधवार को सोनीपत स्टेशन से सांदल कलां तक रेलवे लाइन के किनारे बसी कालोनियों और झुग्गी-झोपड़ियों में जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके बावजूद दिल्ली-अंबाला रेलमार्ग पर एक्सप्रेस ट्रेनों को बार-बार निशाना बनाया जा रहा है।
यह भी पढ़ें- NH-44 पर पैदल यात्रियों की सुरक्षा के लिए लगेगी आठ फुट ऊंची ग्रिल, दिल्ली के मुकरबा चौक से पानीपत तक
वहीं, आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी 2025 से अब तक ट्रेनों पर पत्थरबाजी के 21 मामले दर्ज हो चुके हैं, जिनमें से आठ आरोपितों को गिरफ्तार किया जा चुका है। अकेले वंदे भारत एक्सप्रेस आठ बार पत्थरबाजी का शिकार बन चुकी है।
वंदे भारत पर पत्थर फेंकने की यहां हुई घटनाएं
- 04 जनवरी 2025 : नरेला से राठधना स्टेशन के बीच 20978 अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस पर फेंके पत्थर।
- 10 जनवरी 2025 : गन्नौर से भोड़वाल माजरी स्टेशन के बीच 20977 चंडीगढ़ वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुई पत्थरबाजी।
- 05 फरवरी 2025 : गन्नौर से भोड़वाल माजरी स्टेशन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर की गई पत्थरबाजी।
- 09 फरवरी 2025 : राठधना से नरेला स्टेशन के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर फेंके गए पत्थर।
- 12 फरवरी 2025 : सांदल कलां से सोनीपत के बीच वंदे भारत एक्सप्रेस पर हुई पत्थरबाजी।
- 17 मार्च 2025 : राठधना से नरेला स्टेशन के बीच वंदेभारत एक्सप्रेस बनी निशाना।
- 18 मई 2025 : गन्नौर से राजलू गढ़ी स्टेशन के बीच 20978 अजमेर वंदे भारत एक्सप्रेस पर की पत्थरबाजी।
- 20 जनवरी : सोनीपत से सांदल कलां के बीच शुगर मिल के पास 22477 नई दिल्ली-श्रीमाता वैष्णो देवी कटरा वंदे भारत एक्सप्रेस पर फेंके पत्थर।
वंदे भारत पर पत्थर फेंकने की शिकायत मिली है। रेलवे एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यात्रियों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी, गश्त और जागरूकता अभियान लगातार जारी रहेंगे। - संगम यादव, प्रभारी, आरपीएफ, सोनीपत
|
|