गोपी गांव स्थित श्योनंददास मंदिर में शीशे का गेट तोड़ चोरी को दिया गया अंजाम (फोटो: जागरण)
जागरण संवाददाता, चरखी दादरी। जिले के गांव गोपी स्थित श्री श्योनंददास मंदिर से बुधवार रात को चोर ताला व शीशे का गेट तोड़कर मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट व छत्र चोरी कर ले गए। वीरवार अल सुबह भक्तजन मंदिर पहुंचे तो शीशे का गेट टूटा हुआ व सामान चोरी मिला। जिसके बाद डायल 112 पर काल कर घटना की जानकारी दी।
सूचना मिलने पर बाढड़ा थाना पुलिस टीम मौके पर पहुंची और निरीक्षण किया। वहां लगे सीसीटीवी कैमरे चैक किए तो एक व्यक्ति हेलमेट पहने चोरी करते हुए नजर आया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज व दूसरे तथ्यों के आधार पर चोर की तलाश कर रही है।
उल्लेखनीय है कि गांव गोपी से चार किलोमीटर दूर कारीमोद सीमा के समीप खेतों में स्थित श्योनंददास मंदिर में रात को पूजारी नहीं रहता। इसी का फायदा उठाकर आसानी से चोरी की घटना को अंजाम दिया गया है। मंदिर की देख रेख व सुबह-शाम पूजा अर्चना करने वाले भक्त जितेंद्र उर्फ नोटी ने बताया कि बुधवार रात को वे मंदिर के गेट व ताले बंद कर घर आ गए थे।
वीरवार सुबह पहुंचे तो देखा कि जहां पर श्री श्योनंददास महाराज की मूर्ति है उसका शीशे का गेट टूटा हुआ था और कांच बिखरा पड़ा था। बाद में सामान संभाला तो महाराज की मूर्ति पर लगा चांदी का मुकुट व छत्र गायब मिले। जितेंद्र ने पुलिस को लिखित शिकायत देकर चोर की तलाश कर चोरी हुआ सामान बरामद करने और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने चोर की तलाश शुरू कर दी है।
मंदिर में लगे सीसीटीवी में चोरी की ये घटना कैद हुई है। जिसमें दिखाई दे रहा है कि कोट पहने एक व्यक्ति ने चेहरा छुपाने के लिए हेलमेट पहन रखा है। फुटेज में वह मुकुट व छत्र उतारता हुआ साफ नजर आ रहा है। श्योनंददास मंदिर में गोपी के अलावा पंचगांव, कारीमोद, डांडमा, बाढड़ा इत्यादि आधा दर्जन से अधिक गांवों की आस्था केंद्र है। चोरी की इस घटना से भक्तजनों में रोष हैं और उन्होंने शीघ्र चोर की तलाश कर मुकुट व छत्र बरामद करने की मांग की है। |
|