search

T-20 क्रिकेट विश्वकप में भारत ने पाकिस्तान को कुचला, जीत पर देर रात देहरादून में मना जश्न

Chikheang Yesterday 22:57 views 316
  

कोलंबो में पाकिस्तान पर भारत की जीत पर देहरादून जश्न मनाते लोग।



जागरण संवाददाता, देहरादून। कोलंबो में रविवार को खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को धूल चटाते हुए शानदार जीत दर्ज की तो इसके साथ ही देर रात पूरा देहरादून मानो एक बड़े राष्ट्रीय पर्व में बदल गया।

जैसे ही पाक का आखिरी विकेट गिरा और भारत की जीत का ऐलान हुआ, शहर का माहौल बदल गया। हर दिशा \“भारत माता की जय\“ की गूंज से भर उठा, लोग सड़कों पर टूट पड़े और रात दीपोत्सव में तब्दील हो गई। घंटाघर पर जश्न के लिए भीड़ उमड़ पड़ी।

इसके साथ ही सड़कों पर भारत माता के जयघोष के साथ युवाओं की टोलियां तिरंगा थामे बाइकों व कारों पर गुजरती नजर आईं। पूरा शहर आतिशबाजी की रंगीन रोशनी में नहा गया।

क्रिकेट का जुनून वैसे तो दूनवासियों के सिर चढ़कर बोलता ही है, लेकिन जब मुकाबला भारत-पाक के बीच का हो तो उत्साह सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। वैसे भी इस हाई-वोल्टेज मुकाबले का हर किसी को बेसब्री से इंतजार था।

रविवार देर शाम सात बजे शुरू हुआ तो शहर की रफ्तार मानों थम सी गई। क्या घर, क्या बाजार और व्यापारिक प्रतिष्ठान, जिन्हें जहां मौका मिला, वहीं लोग टीवी सेट के आगे चिपककर बैठ गए। फिर क्या बच्चा, क्या बुजुर्ग और महिलाएं, हर कोई मैच का आनंद लेता दिखा।

विश्व कप में पाक को पिछली बार शिकस्त देने के बाद हर कोई यह मानकर बैठा था कि इस बार भी टीम इंडिया पाकिस्तान को धूल चटाएगी। हुआ भी इसी के अनुरूप और देर रात जब सूर्यकुमार की सेना ने पाकिस्तान पर फतह हासिल की तो लोग खुशी से सड़कों पर झूमने लगे।

घंटाघर पर तो जश्न मनाने वालों का हुजूम उमड़ पड़ा और माहौल में किसी तरह का खलल न पड़े, इसके लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती भी करनी पड़ी। इससे पहले मैच के दौरान की घड़ी-घड़ी पर नजर, दूनवासियों की सांसें अटकी रहीं।

राजपुर रोड से लेकर पटेलनगर, धर्मपुर, प्रेमनगर और रायपुर तक पूरे शहर में हर घर में टीवी की आवाज और हर दिल में धड़कनें तेज थीं। जब भारत ने शुरुआती विकेट लिए, युवा उछल पड़े। जब पाकिस्तान ने कुछ बड़े शाट लगाए, माहौल तनावपूर्ण हो उठा।

लेकिन जैसे ही मैच भारत के पाले आना शुरू हुआ, पूरा दून एक सुर में थिरकने लगा। लोग हाथ जोड़कर प्रार्थना करते दिखे कि बस ये जीत भारत की हो जाए। और जब जीत मिली… हवा में खुशी, गर्व और राहत की लहर दौड़ गई।

यह भी पढ़ें- India vs Pakistan: आउट ऑफ सिलेबस आ गए ईशान किशन, भारत ने पाकिस्‍तान को रौंदकर लगाई जीत की हैट्रिक
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162370