प्रोविजनल परिणाम के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने चयनित सहायक प्राध्यापकों को काॅलेज अलाॅट किए। (प्रतीकात्मक फोटो)
राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। जंतु विज्ञान के सहायक प्राध्यापकों (काॅलेज काडर) की भर्ती में महिला अभ्यर्थियों ने पुरुषों को पछाड़ दिया है। चयनित हुए 84 अभ्यर्थियों में से 70 युवतियां शामिल हैं। केवल 14 युवकों को सहायक प्राध्यापक बनने का अवसर मिला है।
योग्य अभ्यर्थी नहीं मिलने के कारण फिलहाल सात पद खाली रहेंगे। हरियाणा लोक सेवा आयोग (एचपीएससी) ने वर्ष 2024 में जंतु विज्ञान के सहायक प्राध्यापकों के 91 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की थी।
सामान्य वर्ग के लिए 47, वंचित अनुसूचित जाति वर्ग और अन्य अनुसूचित जाति वर्ग के लिए नौ-नौ, पिछड़ा वर्ग ए के लिए 10, पिछड़ा वर्ग बी के लिए सात और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए सात पद रखे गए। आयोग ने केवल 84 पदों पर ही परिणाम जारी किया। सात पद उचित अभ्यर्थी नहीं मिलने व कोर्ट केस के चलते रिक्त रखे गए हैं।
आयोग द्वारा जारी प्रोविजनल परिणाम के बाद उच्चतर शिक्षा विभाग ने चयनित सहायक प्राध्यापकों को काॅलेज अलाॅट कर दिए हैं। विभाग द्वारा इसे फाइनल तब माना जाएगा, जब कोर्ट से भर्ती संबंधित सभी केसों का निपटारा हो जाएगा।
विभाग ने सभी कैंडिडेट को निर्देश दिए हैं कि वे अपना चरित्र सत्यापन करवा कर अपने कालेज के जरिए विभाग को भिजवाए। हरियाणा से बाहर के राज्यों से भी भर्ती में 10 अभ्यर्थी चयनित हुए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, गोरखपुर व सहारनपुर से एक-एक, पंजाब के रूपनगर और एसएएस नगर से एक-एक तथा हिमाचल प्रदेश के हमीरपुर, ऊना तथा मंडी से एक-एक तथा चंडीगढ़ व पश्चिम बंगाल से भी एक-एक अभ्यर्थी शामिल हैं। |