पीके रॉय मैमोरियल कॉलेज में दैनिक जागरण की ओर से नगर की सरकार बनाने को लेकर परिचर्चा का आयोजन
जागरण संवाददाता, धनबाद। बस कुछ दिन और नगर की सरकार विधिवत कार्य करने लगेगी। 23 को नगर निगम चुनाव और 27 को परिणाम है। चुनाव में धनबाद नगर निगम क्षेत्र के लगभग नौ लाख मतदाता अपने शहर की सरकार चुनेंगे। इनमें युवा मतदाताओं की भागीदारी महत्वपूर्ण होगी।
युवाओं के मन में क्या है, किस मुद्दे पर मतदान करेंगे, कौन सी समस्याओं से दो-चार होना पड़ रहा है, किन मुद्दों पर अपने वार्ड के पार्षद और मेयर चुनेंगे, इसे लेकर गुरुवार को पीके राय मेमोरियल कालेज में दैनिक जागरण की ओर से नगर की सरकार अभियान का आयोजन किया गया।
छात्र-छात्राओं ने सड़क, पानी, स्ट्रीट लाइट, महिला सुरक्षा, शौचालय, साफ-सफाई, फागिंग, नियमित जलापूर्ति पर खुलकर बात की। नगर के समुचित विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं के लिए मतदान करने की बात कही।
सड़कें टूटी हुई हैं। सही टाउन प्लानिंग नहीं है। ड्रेनेज सिस्टम पर काम करने की जरूरत है। इसीलिए सड़कों पर पानी बहता रहता है। पोल है, स्ट्रीट लाइट जल नहीं रही है। निगम का काम डिजिटल करने की जरूरत है। -सौरव राज, बीएससी फिजिक्स
शहर में वीवीआइपी मूवमेंट पर प्रमुख सड़कें चकाचक हो जाती हैं, अंदरुनी सड़कें खस्ताहाल और गंदगी से भरी रहती हैं। इसपर अधिक ध्यान देने की जरूरत है। साफ-सफाई का काम नियमित हो। -केशव कुमार, बीएसएसी फिजिक्स
प्रत्याशी पुराना हो या नया, जो सही तरीके से काम करे, साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दे, लोगाें की जरूरतों के आधार पर काम करे, उसे ही वोट करेंगे। प्रत्याशी का चेहरा नहीं देखेंगे। -रोहित कुमार बास्की, इतिहास विभाग
साफ-सफाई तो प्राथमिकता में होनी चाहिए। सड़क के साथ नाली जरूर बने, जो निगम क्षेत्र में नहीं हो रहा है। इसके साथ ही फागिंग भी हो। इन्हीं मुद्दों पर मतदान करेंगे। -सुदेशना दत्ता, अंग्रेजी विभाग
हीरापुर, सरायढेला, बैंक मोड़, पुराना बाजार में काफी भीड़ हाेती है। यहां महिलाओं और लड़कियों के लिए शौचालय तक नहीं है। इसपर ध्यान देना होगा। महिला सुरक्षा पर ध्यान देना होगा। -स्नेहा, बाटनी विभाग
जो भी प्रत्याशी आ रहे हैं अपना पोस्टर लेकर आ रहे हैं। पुराना वाला जीतने के बाद काम करेगा या नहीं, लोग इसको लेकर प्रश्न करते हैं। कई मुद्दे हैं, जिनपर हम जाएंगे। -अरमान जायसवाल, बाटनी विभाग
वीवीआइपी आने पर ट्रैफिक व्यवस्था अस्त-व्यस्त हाे जाती है। कम से कम छात्रों की परीक्षा और स्कूल-कालेज आने जाने के दौरान इसे दुरुस्त करना होगा। -निशु कुमारी, इतिहास विभाग
निगम क्षेत्र में पार्क और खेल मैदान नहीं है। पार्क बनना जरूरी है। शहर में स्ट्रीट वेंडर्स के फूड की क्वालिटी जांच करना भी जरूरी है। यह काफी समय से नहीं हुआ। ये भी चुनावी मुद्दे हैं। -क्षितिज कुमार, इकोनामिक्स विभाग
पेयजल की स्थिति भी ठीक नहीं है। पाइप जगह-जगह टूटी है। पानी बर्बाद होता रहा है। जहां पानी की जरूरत है वहां मिल नहीं रहा और जहां नहीं जरूरत वहां बर्बाद हो रहा है। -पीयूष कुमार, बाटनी विभाग
शहर में जगह-जगह कचरे का ढेर दिखता है। डस्टबिन कम है। कचरा गाड़ियां भी नियमित नहीं हैं। कई इलाकों में तो सप्ताह भर से गाड़ी नहीं जाती। ये मुद्दे भी रहेंगे। -अंजलि, इतिहास विभाग |