बेतियाहाता, धर्मशाला, मोहद्दीपुर व नौसढ़ में स्थापित होंगे थाने। जागरण
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। शहर को जाम से निजात दिलाने के लिए एक बार फिर पहल शुरू हुई है। इसके लिए शहर को चार जोन में बांटा गया है। प्रत्येक जोन में अस्थायी यातायात थाना स्थापित करने की तैयारी है, जहां निरीक्षक की तैनाती होगी। शहर में 103 पाइंट पर टीएसआइ तैनात होंगे, जो व्यवस्था संभालेंगे। उनके सहयोग के लिए यातायात पुलिसकर्मी और होमगार्ड भी रहेंगे।
जाम लगने की दशा में तैनात टीएसआइ और यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी तय होगी। इसके साथ ही जहां पीए सिस्टम नहीं लगे हैं, वहां लगाकर लोगों को जागरूक भी किया जाएगा। यह निर्णय एसएसपी डा. कौस्तुभ ने गुरुवार की देर शाम यातायात व्यवस्था को लेकर हुई बैठक में लिया।
बैठक में उपस्थित एसपी सिटी अभिनव त्यागी, सीओ यातायात, कैंट, गोरखनाथ और यातायात निरीक्षकों से उन्होंने शहर में लगने वाले जाम के कारणों की जानकारी ली। इसके बाद जाम से निजात दिलाने के उपाय पूछे। उन्होंने निर्देश दिया कि शहर को बेतियाहाता, धर्मशाला, मोहद्दीपुर व नौसढ़ कुल चार जोन में बांट दिया जाए।
सभी जगह अस्थायी यातायात थाना बनाकर निरीक्षक की तैनाती की जाए। हर निरीक्षक को उनके क्षेत्र में चिह्नित पाइंट की जिम्मेदारी दी जाए। इन सभी पाइंट पर टीएसआइ और यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाए। इस व्यवस्था से आवागमन सुचारु रूप से चलेगा। जाम लगने की दशा में यातायात निरीक्षक उस पाइंट पर पहुंचकर समाधान कराएंगे।
यह भी पढ़ें- गोरखपुर में पशु तस्करी से अर्जित 2.60 करोड़ की अवैध संपत्ति कुर्क, महुआचाफी कांड में भी सामने आई थी गिरोह की भूमिका
कई स्थलों और चौराहों पर पीए सिस्टम (आइटीएमएस से संचालिस चौराहों पर लगे लाउड स्पीकर) नहीं होने पर एसएसपी ने कहा कि ऐसे स्थलों को चिह्नित किया जाए। इसके बाद नगर निगम की मदद से सभी जगहों पर पीए सिस्टम लगाकर लोगों को जागरूक करते हुए आवागमन को संचालित कराया जाए।
चिह्नित हुए पाइंट
- बेतियाहाता- यहां तैनात यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी 24 पाइंट पर रहेगी। इसमें बेतियाहाता चौराहा, कमिश्नर आवास के सामने, बेतियाहाता हनुमान मंदिर, मुंशी प्रेमचंद पार्क, नार्मल तिराहा, पांडेयहाता मोड़, टीडीएम तिराहा, अलहदादपुर, कैंट चौराहा, दाउदपुर तिराहा, एडीजी आवास तिराता, अंबेडकर चौरहा, तमकुही तिराहा, हरिओम नगर तिराहा, आयकर भवन तिराहा, विश्वविद्यालय गेट, कचहरी रोडवेज के सामने, छात्रसंघ चौराहा, शास्त्री चौरहा, कचहरी चौराहा, टाउनहाल तिराहा, घोष कंपनी चौरहा, रेती चौराहा और घंटाघर चौराहा को चिह्नित किया गया है।
- धर्मशाला - यहां तैनात यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी 33 पाइंट पर होगी। इसमें धर्मशाला चौराहा, गोयल गली मोड़, तरंग क्रासिंग, झूलेलाल ओवर ब्रिज तिराहा, गोरखनाथ मंदिर गेट एक और दो, लेबर तिराहा, इंडस्ट्रियल एलिया मोड़, रामनगर तिराहा, स्पोर्ट कालेज चौराहा, बरगदवा चौराहा, मोहरीपुर, महुआतर, जटाशंकर तिराहा, गंगेज चौराहा, दुर्गाबाड़ी चौराहा, आर्यनगर चौराहा, सूरजकुंड, ग्रीन सिटी मोड़, बक्शीपुर चौराहा, अग्रसेन तिराहा, विजय चौराहा, गणेश चौराहा, काली मंदिर तिराहा, जीएमपीओ तिराहा, सिटीमाल तिराहा, रोडवेज तिराहा, रेलवे स्टेशन तिराहा, यातायात तिराहा, पुलिस लाइन तिराहा, असुरन चौराहा, हुमायुपुर, हड़हवा फाटक को चिह्नित किया गया है।
- मोहद्दीपुर- यहां तैनात यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी 28 पाइंट पर होगी। इसमें मोहद्दीपुर चौराहा, आरकेबीके कट तिराहा, कूड़ाघाट तिराहा, एयरपोर्ट के सामने, कुसम्ही बाजार, रामूडीह सोनबरसा, जगदीशुपर कोनी, जंगल सिकरी तिराहा, बिछिया तिराहा, कौवाबाग तिराहा, पादरी चौराहा, खजांची चौराहा, मेडिकल कालेज के सामने, झुंगिया मोड़, राप्तीनगर चौराहा, शाहपुर थाना चौराहा, एचएन सिंह चौराहा, गीता वाटिका रोड, रेलवे जीएम आवास तिराहा, वी पार्क मोड, पांडेय पेट्रोल पंप तिराहा, विश्वविद्यालय चौराहा, पैडलेगंज चौराहा, नौकायन रोड, हनुमान मंदिर तारा मंडल, चिड़ियाघर, देवरिया बाईपास तिराहा को चिह्नित किया गया है।
- नौसढ़- यहां तैनात यातायात निरीक्षक की जिम्मेदारी 18 पाइंट पर होगी। इसमें नौसढ़ चौराहा, हार्बट बंधा तिराहा, बर्फखाना तिराहा, नार्मल तिराहा, टीपीनगर चौराहा, टीपीनगर चुंगी मोड़, फलमंडी चौराहा, रुस्तमपुर चौराहा, रुस्तमपुर नहर पुलिया चौराहा, आजाद चौक, बाघागाढ़ा, खजनी मोड़, कालेसर, गीडा, सहजनवा, लालडिग्गी चौराहा, इलाहीबाग तिराहा, डोमिनगढ़ को चिह्नित किया गया है।
|