Madhubani Ladania Dacoity Incident: परिवार को बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक लूटपाट की। फोटो: जागरण
जागरण संवाददाता, मधुबनी। Nepal Border Robbery Case: नेपाल सीमा से सटे मधुबनी जिले के लदनियां प्रखंड अंतर्गत गजहारा गांव में गुरुवार देर रात भीषण डकैती की घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी। बदमाशों ने संस्कृत महाविद्यालय के सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य डॉ. दयाकांत झा (पूर्व एचएम) के घर धावा बोलकर परिवार को बंधक बना लिया और करीब एक घंटे तक लूटपाट की।
बताया जाता है कि आठ से दस की संख्या में हथियारबंद अपराधी घर में घुसे और सभी सदस्यों की कनपटी पर पिस्टल तान दी। विरोध करने पर दो फायरिंग घर में घुसते समय और एक फायरिंग भागते वक्त की गई। डकैतों ने नौ कमरों को खंगालते हुए नकदी, जेवरात और महत्वपूर्ण कागजात लूट लिए।
परिवार के अनुसार बदमाश करीब पांच लाख रुपये नकद, लगभग 55 भर सोना, साढ़े तीन किलो चांदी, 12 रत्ती हीरा समेत अन्य कीमती सामान ले गए। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक कुल लूट की रकम करीब ढाई करोड़ रुपये बताई जा रही है, हालांकि आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही मधुबनी के पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार, जयनगर एसडीपीओ राघव दयाल और संबंधित थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम और एसएसबी की डॉग स्क्वॉड टीम को भी जांच में लगाया गया है।
इसी क्रम में पुलिस ने पूछताछ के लिए पड़ोसी सूर्यनाथ झा को हिरासत में लिया है। मामले की गहन जांच जारी है।
गौरतलब है कि दो दिन पूर्व नेपाल सीमा से सटे खुटौना प्रखंड के ललमनियां थाना क्षेत्र स्थित गढ़िया गांव में किसान शिवजी मंडल के घर भी डकैती की घटना हुई थी। इसके अलावा लौकहा थाना क्षेत्र के मांझी पिपराही और नहरी गांव में भी हाल के दिनों में चार घरों को निशाना बनाया गया था। इन घटनाओं में नकदी और जेवरात की लूट की गई थी।
लगातार हो रही वारदातों से सीमावर्ती इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस गश्त बढ़ाने और अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।