भारत को रहना होगा सावधान
अभिषेक त्रिपाठी, जागरण नई दिल्ली। सूर्यकुमार यादव की अगुआई वाली भारतीय टीम ने बुधवार को अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में नामीबिया को 93 रन से हराकर टी-20 विश्व कप में 15 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से होने वाले मैच की \“परफेक्ट\“ तैयारी की। पहले ईशान किशन (61) और हार्दिक पांड्या (52) की ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से 209 रन का स्कोर खड़ा किया और फिर वरुण चक्रवर्ती (3/7) की अगुआई में गेंदबाजों ने नामीबिया को 116 रन पर ढेर कर दिया।
वरुण चक्रवर्ती ने 3, जबकि हार्दिक और अक्षर ने भी दो-दो विकेट लिए। अमेरिका और नामीबिया से जीत के बाद अब भारतीय टीम क्रिकेट के सबसे बड़े मुकाबले के लिए तैयार है। लंबे सस्पेंस के बाद बीते सोमवार को पाकिस्तान ने भारत से मैच खेलने के फैसला किया था।
ईशान-हार्दिक की शानदार बैटिंग
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने गेंदबाजी चुनी। अरुण जेटली स्टेडियम की सपाट पिच पर ईशान और संजू ने टीम को तेज शुरुआत दिलाई, लेकिन संजू दूसरे ओवर में ही आउट हो गए। इसके बाद ईशान और तिलक वर्मा (25) ने नामीबिया के गेंदबाजों की जो कुटाई शुरू की, उससे स्टेडियम में बैठे दर्शक रोमांचित हो उठे। ईशान और तिलक ने पॉवरप्ले में ही 86 रन कूट डाले, जो टी-20 विश्व कप में छह ओवर में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर था।
ईशान किशन की तूफानी पारी
ईशान किशन ने केवल 20 गेंदों में अर्धशतक लगाया और 23 गेंद में 61 रन बनाए। उन्होंने पांच छक्के और आधा दर्जन चौके लगाए। यह टी-20 विश्व कप में भारतीय द्वारा संयुक्त चौथा सबसे तेज पचासा है। सातवें ओवर में ही भारत ने 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया था और जिस तरह से ईशान व तिलक बल्लेबाजी कर रहे थे, उससे लगा कि टूर्नामेंट में सबसे बड़ा स्कोर बन सकता है। लेकिन आठवें ओवर में ईशान आउट हुए और यहीं से भारत की रन गति पर ब्रेक लग गया।
इरास्मस ने लिए 4 विकेट
तिलक और कप्तान सूर्या जल्द आउट हो गए और नामीबिया ने मैच में वापसी की। हार्दिक ने मोर्चा संभाला और 24 गेंद में अर्धशतक जड़ते हुए भारत की रन गति को बढ़ाया। उन्होंने शिवम दुबे (23) के साथ पांचवें विकेट के लिए 81 रन की साझेदारी की। पांड्या के आउट होते ही भारत का निचला क्रम ढह गया।
अंतिम चार ओवर में भारत ने केवल 23 रन जोड़े और पांच विकेट गंवाए। इसमें सबसे बड़ी भूमिका नामीबिया के कप्तान इरास्मस की रही, जिन्होंने स्ट्ंप के काफी पीछे से खींचकर गेंदबाजी की और तिलक, ईशान, हार्दिक और अक्षर जैसे बड़े विकेट लेकर भारत को बड़े स्कोर से रोक दिया। इरास्मस ने चार विकेट लिए और टी-20 विश्व कप में ये कारनाम करने वाले चौथे कप्तान बने।
मौके का फायदा नहीं उठा सके संजू
अभिषेक शर्मा के अनफिट होने से इस मुकाबले में संजू सैमसन को एकादश में शामिल किया गया। न्यूजीलैंड के विरुद्ध सीरीज में फ्लाप रहे संजू के पास खुद को साबित करने का यहां अच्छा मौका था क्योंकि सामने नामीबिया जैसी टीम थी, लेकिन तेज शुरुआत के बाद वह फिर खराब शाट खेलकर आउट हो गए। संजू ने अपनी आठ गेंदों की छोटी सी पारी में तीन छक्के और एक चौका लगाकर बड़ी पारी की उम्मीद दिखाई, लेकिन वह दूसरे ओवर की अंतिम गेंद पर वह मिड विकेट पर कैच थमा बैठे।
वरुण का कहर
नामीबिया ने शुरुआत अच्छी की और सात ओवर में उसने एक विकेट पर 67 रन बना लिए थे। कप्तान सूर्या ने वरुण को गेंद थमाई और उन्होंने पहली ही गेंद पर स्टीनकैंप को आउट किया। अपने अगले ओवर में उन्होंने दो विकेट लेकर नामीबिया को दबाव में ला दिया। 10वें ओवर में 88 रन बनाने वाली नामीबिया ने अगले 8.2 ओवर में 28 रन ही बना सकी और छह विकेट गंवाए। बल्ले से कमाल दिखाने वाले हार्दिक ने भी यहां दो विकेट लिए। उन्होंने 18वें ओवर में लगातार दो गेंदों पर दो बल्लेबाजों को आउट किया, लेकिन हैट्रिक से चूक गए।
उस्मान तारिक से रहना होगा बचकर
नामीबिया के कप्तान गेरहार्ड इरास्मस ने मुकाबले में चार विकेट लिए, जिससे भारत को पाकिस्तान के विरुद्ध मुकाबले में उसके गेंदबाज उस्मान तारिक से सावधान रहना होगा। इरास्मस ने स्टॉक बाल के बीच साइड-आर्म गेंदबाजी की, जो राउंड आर्म होती है। वहीं कई बार उन्होंने क्रीज के पीछे से भी गेंदबाजी की ताकि लेंथ कम हो जाए, क्योंकि सेट तिलक वर्मा डिलीवरी की पिच तक नहीं पहुंच सके। इरास्मस की तरह ही तारिक भी साइड आर्म से गेंदबाजी करते है और आस्ट्रेलिया के विरुद्ध घरेलू सीरीज में 3-0 की जीत में उनकी अहम भूमिका रही थी। हालांकि उनके गेंदबाजी एक्शन को लेकर भी मतभेद हैं, लेकिन फिलहाल टूर्नामेंट में भारतीय टीम को उनके खिलाफ थोड़ा सतर्क होना पड़ेगा।
यह भी पढ़ें- ICC के रवैये से निराश हुआ USA का खिलाड़ी, एसोसिएट देशों को लेकर लगाई बड़ी गुहार
यह भी पढ़ें- देवरिया क्रिकेट में अनोखा पुरस्कार, ट्रॉफी की जगह मिला देसी मुर्गा, देखें वायरल VIDEO |
|