महिला उम्मीदवारों से सजा धनबाद नगर निगम का चुनावी अखाड़ा।
बलवंत कुमार, जागरण, धनबाद। झारखंड नगर निकाय चुनाव-2026 के लिए मतदान की तारीख जैसे-जैसे नजदीक आ रही है, प्रचार अभियान तीखा होता जा रहा है। 23 फरवरी को मतदान है। झारखंड के निकायों में धनबाद नगर निगम सबसे बड़ा है। यहां मेयर के एक पद के साथ ही वार्ड पार्षद के 55 पदों के लिए चुनाव रहा है। कुल 56 पदों के लिए पुरुषों को छोड़कर सिर्फ महिला प्रत्याशियों की संख्या 230 है।
मेयर के लिए चार महिला प्रत्याशी
धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए कुल 29 प्रत्याशी मैदान में खड़े हैं। चंद्रशेखर अग्रवाल, इंदु सिंह, संजीव सिंह, शांतनु कुमार चंद्रा, अमित कुमार अग्रवाल, आकाश दुसाध, उमेश पासवान, कुसुम देवी, जावेद इकबाल, दिलीप कुमार, दीनानाथ ठाकुर, नवल किशोर पासवान, परवेज खान, प्रकाश कुमार, बिनोद कुमार सिंह, भृगुनाथ भगत, मुकेश कुमार पांडेय, योगेंद्र प्रधान, रवि चौधरी, रवि बुंदेला, राजकुमार कनौजिया, राम विनय सिंह, राहुल कुमार चौहान, रुस्तम अंसारी, लक्ष्मी देवी, शमशेर आलम अंसारी, शिल्पी शर्मा, संजीव कुमार, और केसी सिंहराज। इनमें चार महिला प्रत्याशी हैं-इंदु देवी, कुसुम देवी, लक्ष्मी देवी, शिल्पी शर्मा।
पहली महिला मेयर बनने का गौरव
धनबाद निकाय चुनाव में इस बार पुरुषों से आगे निकलते हुए महिलाएं भी अपना जोर दिखा रही हैं। धनबाद नगर निगम के मेयर और पार्षद पद पर कुल 230 महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। इनमें चार महिलाएं मेयर पद के लिए चुनाव मैदान में हैं। धनबाद के गाैरव की बात यह है कि जब 2010 में पहली बार मेयर का चुनाव हुआ तो महिला प्रत्याशी इंदु देवी ने जीत दर्ज की थीं। इस बार भी इंदु देवी मेयर का चुनाव लड़ रही हैं।
50 प्रतिशत सीट महिलाओं के लिए आरक्षित
निकाय चुनाव में महिलाओं को पुरुषों के बराबर का दर्जा देते हुए 50 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस स्थिति में 55 वार्ड में से 27 सीटें महिलाओं की हैं। यानी धनबाद नगर निगम के बोर्ड में 27 महिलाएं होंगी ही। यदि सामान्य सीटों पर भी महिलाओं की जीत होती है तो बोर्ड में महिलाओं का वर्चस्व होगा।
जो वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हैं अमूमन वहां तीन से पांच महिला प्रत्याशी चुनाव लड़ रही हैं। कुछ आरक्षित वार्डों में तो इनकी संख्या आठ, 10 और 13 तक है। विशेष कर वार्ड छह, 19, 24 व 49 में आठ-आठ, वार्ड 37 व 52 में नौ-नौ, वार्ड 22 व 27 में 10-10 और वार्ड 47 में 13 महिला प्रत्याशी इस सत्ता संग्राम में कूद चुकी हैं। वार्ड 25, 28, 41 और 51 में एक भी महिला प्रत्याशी नहीं हैं। |