हापुड़ में दो गांजा तस्कर गिरफ्तार। सांकेतिक तस्वीर
केशव त्यागी, हापुड़। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली नगर पुलिस ने शुक्रवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए दो गांजा तस्करों को गिरफ्तार किया।
पुलिस ने दोनों आरोपितों के कब्जे से कुल 950 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। दोनों मामलों में मुकदमा दर्ज कर तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की तलाश शुरू कर दी गई है।
450 ग्राम गांजे के साथ तस्कर दबोचा
कोतवाली नगर पुलिस ने चेकिंग के दौरान रामपुर रोड से एक गांजा तस्कर को गिरफ्तार किया। पुलिस रिपोर्ट के अनुसार उपनिरीक्षक रविन्द्र कुमार अपनी टीम के साथ बुलंदशहर रोड स्थित पुरानी चुंगी पर संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे।
तभी मुखबिर से सूचना मिली कि रामपुर रोड पर ओम बिल्डिंग मैटेरियल के सामने एक युवक गांजा बेच रहा है। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में खूनी रोड रेज: साइड मांगने पर युवक पर ईंट से हमला, दो नामजद आरोपी फरार
पूछताछ में उसने अपना नाम समीर उर्फ सब्बील निवासी मोहल्ला नवीकरीम बताया। क्षेत्राधिकारी की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके थैले से पारदर्शी पन्नी में रखा 450 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने 50 ग्राम गांजा नमूने के तौर पर अलग कर शेष 400 ग्राम गांजा सील कर कब्जे में ले लिया। आरोपित ने पूछताछ में गांजा बेचकर मुनाफा कमाने की बात स्वीकार की।
500 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपित गिरफ्तार
इसी क्रम में पुलिस ने दूसरी कार्रवाई करते हुए चितौली रोड से एक अन्य तस्कर को 500 ग्राम गांजे के साथ गिरफ्तार किया।
उपनिरीक्षक विपिन कुमार ने बताया कि वह अपनी टीम के साथ बुलंदशहर रोड स्थित जदीद चौकी के पास चेकिंग कर रहे थे। तभी मुखबिर से सूचना मिली कि चितौली रोड पर नाले के पास एक व्यक्ति थैले में गांजा लेकर बेच रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर आरोपित को पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम शारिख निवासी घुंघराला थाना हाफिजपुर बताया। तलाशी के दौरान उसके पास से 500 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पुलिस ने नियमानुसार गांजे का नमूना अलग कर शेष माल को सील कर कब्जे में ले लिया। आरोपित ने गांजा बेचकर परिवार का पालन-पोषण करने की बात स्वीकार की। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और तस्करी से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
यह भी पढ़ें- हापुड़ में बर्थडे पार्टी के बहाने बुलाकर युवक पर जानलेवा हमला, लाठी-डंडों से पीटा; केस दर्ज |
|