ज्वेलरी शॉप में चोरी
जागरण संवाददाता,(विक्रम) पटना। पटना के पालीगंज अनुमंडल में शुक्रवार रात चोरों ने फिल्मी अंदाज में ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी कर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मामला रानीतालाब थाना क्षेत्र के पततू बाजार का है, जहां ‘रजनीश ज्वेलर्स’ को निशाना बनाया गया। सुबह पड़ोसियों ने दुकान के पिछले हिस्से में छेद और सीढ़ी लगी देख मालिक को सूचना दी। शटर सुरक्षित था, जिससे साफ है कि चोर पीछे से घुसे। घटना के बाद स्थानीय व्यापारियों में दहशत का माहौल है।
लॉकर काटकर 50–60 लाख का माल गायब
दुकानदार रजनीश कुमार के अनुसार, दुकान खोलने पर सामान बिखरा मिला और लॉकर कटा हुआ था। शुरुआती आकलन में 25–30 किलो चांदी, करीब 150 ग्राम सोना और 67 हजार रुपये नकद गायब बताए गए हैं।
कुल नुकसान 50 से 60 लाख रुपये के बीच आंका जा रहा है। चोरों ने दीवार में छेद कर अंदर प्रवेश किया और लॉकर को काटकर माल समेट लिया। वारदात सुनियोजित प्रतीत होती है।
CCTV का DVR भी साथ ले गए
चोर दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए, ताकि साक्ष्य मिटाया जा सके। आसपास से चोरी हुए गहनों के खाली बक्से बरामद हुए हैं।
इससे अंदेशा है कि वारदात में एक से अधिक लोग शामिल थे। मुख्य सड़क के पास स्थित बाजार में इतनी बड़ी चोरी से सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं। व्यापारियों ने रात में गश्त बढ़ाने की मांग की है।
FSL और डॉग स्क्वॉड की जांच
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और डॉग स्क्वॉड को भी बुलाया गया है। थानाध्यक्ष बिट्टू कुमार ने बताया कि लिखित आवेदन के बाद चोरी की सटीक राशि स्पष्ट होगी।
फिलहाल तकनीकी साक्ष्य और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपितों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी।
व्यापारियों में रोष, सुरक्षा की मांग
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। उनका कहना है कि मुख्य सड़क से सटे इलाके में ऐसी वारदात चिंताजनक है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि गश्त बढ़ाई जाएगी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जाएगी। इस सेंधमारी ने इलाके में कानून-व्यवस्था और बाजार सुरक्षा पर नई बहस छेड़ दी है। |