पूर्व विधायक संजीव सिंह, भृगुनाथ भगत और मुकेश पांडेय।
डिजिटल डेस्क, धनबाद। झारखंड में नगर निकाय चुनाव में अनुशासनहीनता को भाजपा ने गरंभीरता से लिया है। निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के खिलाफ चुनाव लड़ने वाले नेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। संतोषजनक जवाब नहीं मिलने बाद बगावत करने वाले नेताओं के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
धनबाद के तीन नेताओं पर अनुशासन की गाज
झारखंड में नगर निकाय चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहा है। इसके बावजूद दलीय राजनीति चरम पर है। धनबाद नगर निगम के मेयर पद के लिए भाजपा संजीव कुमार को प्रत्याशी बनाया है। संजीव कुमार के खिलाफ भाजपा नेता झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह, भाजयुमो के पूर्व जिलाध्यक्ष मुकेश पांडेय और भाजपा नेता भृगुनाथ भगत चुनाव लड़ रहे हैं। भाजपा नेताओं ने पुरजोर प्रयास किया कि तीनों चुनाव मैदान से हट जाए। इसके लिए भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह तक ने बात की। सफलता नहीं मिलने तीनों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
झारखंड के 18 नेता कार्रवाई की जद में
निकाय चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों के विरोध में चुनाव लड़ रहे 18 नेताओं को पार्टी ने नोटिस भेजकर अनुशासनहीनता पर जवाब मांगा है। प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने धनबाद में संजीव सिंह, मुकेश पांडेय, भृगुनाथ महतो को नोटिस भेजकर जवाब मांगा है।
देवघर में बाबा बलिया और पलामू में परशुराम ओझा से स्पष्टीकरण मांगा गया है। इन नेताओं के भेजे पत्र में प्रदेश महामंत्री प्रदीप वर्मा ने कहा है कि उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों को अनुशासनहीनता माना गया है। इस पर सात दिनों में अपना जवाब पार्टी को दें।
20 से अधिक नेताओं को जिला कमेटी से नोटिस
भाजपा की जिला कमेटी गिरिडीह, जमशेदपुर, चाईबासा समेत कई जिलों ने 20 से अधिक नेताओं को पत्र भेजकर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने और उसपर उनका पक्ष पूछा है। इनका जवाब संतोषजनक नहीं रहने पर पार्टी आगे की कार्रवाई करेगी। |