चोरी के शक में युवक की पीट-पीटकर हत्या। (सांकेतिक फोटो)
जागरण संवाददाता, अनुगुल। ओडिशा के गंजाम जिला में चोरी के संदेह में एक युवक की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सनसनीखेज वारदात शनिवार तड़के भंजनगर पुलिस थाना क्षेत्र के सरदुला गांव में हुई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक 20 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कई अन्य ग्रामीणों की तलाश जारी है।
मृतक की पहचान 37 वर्षीय बनधर प्रधान के रूप में हुई है। वह कंधमाल जिला के जी. उदयगिरि थाना क्षेत्र अंतर्गत कुरुमिंगिया गांव का निवासी था। पुलिस के अनुसार प्रधान दो अन्य व्यक्तियों के साथ सरदुला गांव में कथित तौर पर चोरी की नीयत से घुसा था।
घर में घुसकर चोरी का आरोप
गांव के निवासी सुशांत गौड़ा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि उनके बंद घर से सोने के गहने और करीब 20 नई साड़ियां चोरी हो गईं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घटना के समय घर के मालिक बाहर थे। इसी दौरान प्रधान और उसके साथी घर में घुसे थे।
बताया जा रहा है कि शोर सुनकर ग्रामीण मौके पर जुट गए। भागने की कोशिश में प्रधान गिर पड़ा, जिससे उसका पैर टूट गया। घायल अवस्था में उसे ग्रामीणों ने पकड़ लिया। आरोप है कि लोगों ने उसे बिजली के खंभे से बांध दिया और लाठियों व डंडों से बेरहमी से पीटा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रंजन कुमार डे ने बताया कि शनिवार तड़के पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रधान को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया और तत्काल भंजनगर उप-मंडल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
हत्या के एंगल से जांच
भंजनगर के उपमंडल पुलिस अधिकारी दीपक मिश्रा ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि प्रधान के अन्य साथी कौन थे और वे कहां फरार हुए।
घटनास्थल से मृतक का मोबाइल फोन, लोहे की छड़ें और वह रस्सियां बरामद की गई हैं, जिनसे उसके हाथ बांधे गए थे। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सके।
गांव में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस कार्रवाई के डर से कई ग्रामीण गांव छोड़कर फरार हो गए हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून अपने हाथ में लेने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। चोरी के संदेह में किसी व्यक्ति की सामूहिक पिटाई कर हत्या करना गंभीर अपराध है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
यह भी पढ़ें- संबलपुर में मानसिक विक्षिप्त भांजी से मामा, ममेरे भाई और दामाद ने किया सामूहिक दुष्कर्म; तीनों गिरफ्तार |
|