बुलंदशहर में पोस्टमार्टम हाउस पर मृतक के स्वजन से जानकारी करते पुलिसकर्मी, प्रहलाद सिंह का फाइल फोटो।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। पुलिस ने चित्सौन गांव के पास से छतारी थाना क्षेत्र के गांव समसपुर के ग्राम प्रधान का शव बरामद किया है। इससे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृत ग्राम प्रधान के पुत्र ने बताया कि उनकी एक आंख निकालने के साथ-साथ एक हाथ और पैर का अंगूठा काटा गया था। शरीर पर अंगुलियों के नाखून खींचने के निशान भी मिले।
ग्राम प्रधान पिछले नौ दिन से लापता थे। स्वजन ने कोतवाली नगर पर गुमशुदगी दर्ज कराई थी। स्वजन हत्या का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
प्रशासनिक अधिकारी पद से लिया था वीआरएस
शहर की आवास विकास प्रथम कालोनी निवासी 65 वर्षीय प्रहलाद सिंह छतारी थाना क्षेत्र के गांव समसपुर के मूल निवासी होने के साथ-साथ ग्राम प्रधान थे। प्रहलाद सिंह डिबाई तहसील से साल 2021 में प्रशासनिक अधिकारी के पद से वीआरएस लेकर सेवानिवृत हुए और चुनाव जीतकर ग्राम प्रधान बने।
मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे प्रधान
मृत ग्राम प्रधान के पुत्र हरवीर सिंह ने बताया कि उसके पिता सात फरवरी की सुबह घर से गांव जाने के लिए निकले थे, उस दिन वह गलती से अपना मोबाइल फोन घर पर ही छोड़ गए थे। शाम तक वापस नहीं आने पर उनकी तलाश की गई, लेकिन उनका कहीं पर कोई सुराग नहीं लगा। कहीं पर उनका पता नहीं चलने पर आठ फरवरी को कोतवाली नगर पर गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी।
शरीर पर थे चोट के निशान
रविवार की दोपहर सलेमपुर पुलिस ने राहगीरों की सूचना पर चित्सौन गांव के पास स्थित बम्बे किनारे हो रही प्लाटिंग से ग्राम प्रधान का शव बरामद किया और पहचान होने पर पोस्टमार्टम को जिला अस्पताल भेजा। मृत ग्राम प्रधान के पुत्र हरवीर सिंह ने बताया कि उनके पिता के शरीर पर चोट के निशान थे। इसके साथ हाथ की उंगलियों के नाखून खींचकर हत्या की है।
हरवीर के बताया कि आरोपितों ने उनके मृत पिता की एक आंख निकालने के साथ एक हाथ और पैर का अंगूठा काटकर दिया। घटना के बाद से मृतक के घर में कोहराम मचा है, पत्नी भगवती देवी, पुत्र हरवीर एवं नवीन और अन्य स्वजन का रो-रो कर बुरा हाल है। थाने पर अभी तक इस बाबत तहरीर नहीं दी गई है।
यह भी पढ़ें- \“तेरी वजह से मैं भी शादी नहीं कर पा रहा\“ यह कहते हुए छोटे भाई ने बड़े को चाकू से गोदकर मार डाला और शव के पास बैठ गया
सरकारी भूमि खाली कराने पर हत्या का आरोप
मृत ग्राम प्रधान के पुत्र हरवीर सिंह ने बताया कि उनके पिता ने छह माह पहले वीआरएस लेकर चुनाव लड़ा था और जीत दर्जकर ग्राम प्रधान बने थे। इनसे पहले मां भगवती देवी ग्राम प्रधान थी। पिता ने गांव स्थित सरकारी भूमि को दबंगों से कब्जा मुक्त कराया था, जिसके चलते को कुछ ग्रामीण उनसे रंजिश मानते। इसी के चलते उनकी हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें- सट्टे में 37 लाख हार गया बेटा, मां ने रच दी डकैती की झूठी कहानी
पुलिस अधीक्षक नगर शंकर प्रसाद ने बताया कि रविवार की दोपहर सलेमपुर पुलिस ने ग्रामीणों की सूचना पर चित्सौन गांव के पास से एक शव बरामद किया। शव की पहचान समसपुर ग्राम प्रधान प्रहलाद सिंह के रूप में हुई। मृत सात फरवरी से लापता थे, इस बाबत कोतवाली नगर पर गुमशुदगी दर्ज है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। |