फरीदाबाद नगर निगम कार्यालय (फाइल फोटो)
जागरण संवाददाता, फरीदाबाद। नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ सीलिंग करके अपनी नीलामी की तैयारी शुरू कर दी है। यह ऐसी प्रापर्टी है। जिनको सील करने के बावजूद भी टैक्स जमा नहीं कराया गया है। पिछले एक माह में निगम 50 से अधिक प्रापर्टी सील कर चुका है।
अतिरिक्त आयुक्त सलोनी शर्मा ने बैठक करके सभी जेडटीओ से नीलामी के लिए एक एक साइट की रिपोर्ट देने के लिए कहा। जेडटीओ को सप्ताह भर में इस रिपोर्ट को जमा कराना होगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी। इसके साथ ही निगम में शामिल किए गए 24 गांवों से भी टैक्स वसूलने की तैयारी की जा रही है।
निगम के रिकॉर्ड के अनुसार पूरे शहर में साढे़ सात लाख यूनिट है। लेकिन निगम के पास इन यूनिटों का 50 प्रतिशत टैक्स भी वसूल नहीं हो पाता है। निगम ने 2024-25 में 190 करोड़ वसूली का लक्ष्य कर रखा था, लेकिन 146 करोड़ की वसूली हो पाई थी।
अब निगम की ओर से 2025-26 में 200 करोड़ की टैक्स वसूली का लक्ष्य तय किया गया है। निगम को यह लक्ष्य 31 मार्च तक पूरा करना होगा। अभी तक केवल 152 करोड़ की ही वसूली कर पाया है। सबसे अधिक बकायेदार ओल्ड फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र से हैं। इसके बाद बड़खल विधानसभा और एनआइटी क्षेत्र में बकायेदार की संख्या अधिक हैं।
हर जोन में 10 बकायेदारों पर कार्रवाई का आदेश
अतिरिक्त आयुक्त की ओर से प्रत्येक जोन के 10 बकायेदारों पर सीलिंग का आदेश दिया है। निगम के अनुसार अब किसी भी बकायेदार को नोटिस नहीं दिया जाएगा। सीधा सीलिंग की कार्रवाई होगी।
प्रॉपर्टी टैक्स बकायेदारों के खिलाफ अब नीलामी की तैयारी है। क्योंकि निगम को 31 मार्च तक अपना लक्ष्य पूरा करना है। हर जोन से नीलामी के लिए एक साइट मांगी गई है।
-
सलोनी शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त, नगर निगम |