search

हरियाणा विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से, तैयारी में जुटे राजनीतिक दल; CM नायब और हुड्डा एक ही दिन बुलाई बैठक

Chikheang Yesterday 17:56 views 99
  

हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भूपेंद्र हुड्डा। फाइल फोटो



राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के लिए राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुट गए हैं। इस बार का बजट सत्र न केवल लंबा चलेगा, बल्कि हंगामेदार भी होगा। बजट सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा और कांग्रेस ने अपनी-अपनी पार्टी के विधायक दलों की बैठक बुलाई है।

यह दोनों बैठक 19 फरवरी को होंगी। विधानसभा का बजट सत्र 20 फरवरी से आरंभ होगा। वित्त मंत्री के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी 27 फरवरी को साल 2026-27 का वार्षिक बजट पेश कर सकते हैं।

विधानसभा के बजट सत्र की अवधि कितनी होगी और किस दिन बजट पेश होगा, इस पर अंतिम निर्णय लेने के लिए बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक भी 19 फरवरी को बुलाई गई है। विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण बिजनेस एडवाइजरी कमेटी के चेयरमैन हैं।

इस बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और विपक्ष के नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा समेत इनेलो व निर्दलीय विधायक भी शामिल होंगे। बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में भी यह तय किया जाएगा कि बजट सत्र की सीटिंग एक दिन में एक ही आयोजित की जाएगी अथवा पहले की तरह दो सीटिंग होगी। अधिकतर विधायक और मंत्री चाहते हैं कि एक दिन में एक ही सीटिंग की जानी चाहिए, भले ही सत्र की अवधि लंबी कर दी जाए।

भाजपा विधायक दल के नेता के नाते मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंत्रियों व अपनी पार्टी के विधायकों की बैठक के बाद 19 फरवरी को अपने निवास पर रात्रि भोज का आयोजन किया है। अगले दिन विधानसभा में मुख्यमंत्री की मंत्रियों के साथ अलग चर्चा होगी, ताकि विपक्ष द्वारा उठाए जाने वाले मुद्दों का जवाब देने के लिए रणनीति को अंतिम रूप दिया जा सके।

मुख्यमंत्री पहले ही मासिक पेंशन में 200 रुपये की बढ़ोतरी लागू कर तथा रुकी हुई समस्त पेंशन जारी कर विपक्ष के हाथ से बड़ा मुद्दा छीन चुके हैं। मुख्यमंत्री ने 21 अगस्त को घोषणा की थी कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन में 200 रुपये की बढ़ोतरी एक नवंबर से की जाएगी, लेकिन तीन माह बाद भी जब यह रकम नहीं बढ़ी तो विपक्ष ने इसे मुद्दा बना लिया।

समाज कल्याण विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव जी अनुपमा ने 11 फरवरी को नई संशोधित अधिसूचना जारी कर मासिक पेंशन 3000 हजार की बजाय 3200 रुपये मासिक कर दी, जिसके बाद खातों में एरियर डाला जाने लगा। फिलहाल दावा किया जा रहा है कि जनवरी 2026 तक समस्त पेंशन और उसके एरियर का भुगतान किया जा चुका है। जिन लोगों का एरियर बचा हुआ है, सोमवार-मंगलवार तक हर हाल में लोगों के खातों में भेज दिया जाएगा।

विपक्ष के नेता के नाते पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने 19 फरवरी को चंडीगढ़ में कांग्रेस विधायक दल की बैठक बुलाई है। भूपेंद्र सिंह हुड्डा 18 फरवरी की रात को चंडीगढ़ पहुंच जाएंगे। कांग्रेस विधायक दल की बैठक में सरकार को विभिन्न मुद्दों पर घेरने की रणनीति तय होगी।

इनेलो के दो विधायक हैं, जबकि निर्दलीय विधायकों की संख्या तीन है। तीनों निर्दलीय विधायकों ने 48 विधायकों वाली भाजपा सरकार को अपना समर्थन दे रखा है। इनेलो विधायकों का समर्थन सदन में कभी कांग्रेस को नहीं मिलता। हालांकि यह दोनों विधायक सत्तारूढ़ भाजपा पर पूरी तरह से हमलावर रहते हैं।

इनेलो प्रमुख अभय सिंह चौटाला के निवास पर 20 फरवरी को सुबह इनकी बैठक होगी और विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। विधानसभा स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने आस्ट्रेलिया के दौरे से लौटने के बाद एक बार व्यवस्थाएं कर चुके हैं। वे गुजरात दौरे पर भी जा चुके हैं और वहां से लौट चुके हैं। अब अगले पांच दिन लगातार विधानसभा सत्र की तैयारियों को अंतिम रूप देने में लगे रहेंगे।
like (0)
ChikheangForum Veteran

Post a reply

loginto write comments
Chikheang

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
162382