जागरण संवाददाता, श्रावस्ती। हरदत्त नगर गिरन्ट क्षेत्र के ग्रामपंचायत उल्लाहवा के भजोरे पुरवा गांव में रविवार की रात घर में घुसे बदमाशों ने गृहस्वामी की हत्या कर दी।
बंधक बनाकर बेटे के सिर पर भी धारदार हथियार से वार किया। इसके बाद रुपये व जेवर लेकर बदमाश फरार हो गए। एसपी राहुल भाटी ने घटना स्थल जायजा लिया।
भजोरे पुरवा के नेमराज पाठक व उनका बेटा सुनील तथा बहू लक्ष्मी रविवार की रात सो रहे थे। नेमराज पाठक घर के बरामदे में तथा बेटा और बहू बगल के कमरे में थे। रात करीब डेढ़ बजे दीवार फांद कर घर में घुसे बदमाशों ने बरामदे में सो रहे पिता का मुंह दबा लिया।
उनकी घुटन भरी आवाज सुनकर बेटा सुनील बाहर निकला तो बदमाशों ने उसके सिर पर चाकू से वार कर घायल कर दिया और उसे बंधक बनाकर बगल में स्थित दूसरे कमरे में बंद ककर दिया। यह घटना देख बहू लक्ष्मी कमरे में बेड के नीचे छिप गई।
बदमाशों के चले जाने के बाद बहू बाहर निकली तो देखा कि ससुर बिस्तर पर मृत पड़े हैं। उनका हाथ पीछे से बंधा था। पेट में बाईं ओर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। बदमाश घर मे रखे कुछ रुपये और जेवर भी उठा ले गए थे। बहू ने सूचना पुलिस को दी।
रात करीब दो बजे हरदत्तनगर गिरन्ट थाने के प्रभारी निरीक्षक महिमा नाथ उपाध्याय पुलिस व फारेंसिक टीम के साथ पहुंचे। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किया। सुबह करीब छह बजे एसपी राहुल भाटी, सीओ सतीश चंद्र शर्मा ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। |
|