जागरण संवाददाता, कानपुर। न्यू कानपुर सिटी योजना की जमीन में पानी भरा होने के कारण 75 करोड़ रुपए से होने वाले विकास कार्य नहीं शुरू हो पाए। केडीए की टीम पंप लगाकर पानी को निकलवा रही है। होली के बाद ड्रेनेज, सीवर, पेयजल और बिजली के कार्य होने हैं। साथ ही सड़क निर्माण के 50 करोड़ रुपये के टेंडर आमंत्रित किए जा रहे हैं। प्राधिकरण नवरात्र में योजना को धरातल में लाने की तैयारी में जुटा है। योजना का पहले फेज 55 हेक्टेयर में होगा।
मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर के बीच में केडीए वर्ष 1996 से न्यू कानपुर सिटी योजना ला रहा है। 151.31 हेक्टेयर में योजना लायी जा रही है। 30 साल बाद योजना में केडीए 75 करोड़ रुपये से विकास कार्य कराने जा रहा है। इसका ठेका अयोध्या की कंपनी आरएमसी कंपनी को दिया गया है। कंपनी ने योजना में विकास कार्य शुरू कराया तो जमीन में पानी भरा होने के कारण कार्य नहीं शुरू हो पाया। अब पहले जमीन में भरा पानी तीन पंप लगाकर निकाला जा रहा है। इसके चलते अब होली के बाद ही योजना में विकास कार्य शुरू हो पाएगा।
तीन फेज में योजना लायी जा रही है। पहला फेज 55 हेक्टेयर का है। योजना में आधुनिक सभी सुविधाओं के लिए भी व्यवस्था की गयी है। इसमें स्कूल, कालेज, होटल, नर्सिंग होम, कन्वेंशन सेंटर, कूड़ाघर, सबस्टेशन, मल्टीलेवल पार्किंग, सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, पार्क, ग्रुप हाउसिंग के भूखंड आदि की व्यवस्था की गयी है। साथ ही हर वर्ग के लिए भूखंड की व्यवस्था की गयी है।
योजना का कार्य देख रहे अधिशासी अभियंता अमन तिवारी ने बताया कि योजना की जमीन में पानी भरा हुआ है उसको पंप लगाकर निकाला जा रहा है। जल्द कार्य शुरू करा दिया जाएगा। साथ ही 50 करोड़ रुपये से सड़क निर्माण भी कराया जाना है।
योजना का हाल
| वर्ष | 1996 | | योजना की स्थिति | मैनावती मार्ग से सिंहपुर और सिंहपुर से कल्याणपुर तक | | गांव शामिल | संभरपुर, गंगपुर चंकबदा, सिंहपुर कछार, हिंदुपूर, बैरी अकबरपुर | | कुल जमीन | 153.31 हेक्टेयर | | केडीए की जमीन | 56.11 हेक्टेयर | | ग्राम समाज की जमीन | 8.05 हेक्टेयर | | किसानों की जमीन | 89.69 हेक्टेयर | | जमीन अधिग्रहण | 60 हेक्टेयर |
|