सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। जूता कारोबारी से साइबर ठगों ने हर्बल बीज के कारोबार का झांसा देकर 50 लाख रुपये ठग लिए। नागालैंड के कुमार इंटरप्राइजेज से सस्ता बीज दिखाने की बात कहते हुए व्यापारी से 100 किलो बीज के लिए पांच करोड़ रुपये में डील की।
इसके बाद टोकन मनी के रूप में 10 प्रतिशत रकम को अलग-अलग खातों में जमा करा लिया। ठगी की जानकारी होने पर पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कमला नगर निवासी अमित कुमार ने मुकदमे में कहा है कि उनकी अनीषा इंटरप्राइजेज नाम से फर्म है। वह जूतों का व्यापार करते हैं। सात फरवरी को मोबाइल पर काॅल आई।
फोन करने वाले ने खुद को रोज ओलिवा कंपनी से बताते हुए भारत में हर्बल बीज का प्रोजेक्ट शुरू करने की बात कही। नागालैंड में कुमार इंटरप्राइजेज नाम से सस्ता सप्लायर बताया।
कुमार एंटरप्राइजेज नागालैंड की तरफ से सुमित और व्यापारी के बीच सौ किलो हर्बल बीज की पांच करोड़ रुपये में फोन पर ही डील हो गई। इसके बाद 10 प्रतिशत टोकन मनी के रूप में 50 लाख रुपये जमा करा लिए।
14 फरवरी को सौ किलो बीज के लिए पूरे रुपये देने के लिए कहा। भुगतान नहीं करने पर सिर्फ 14 किलो हर्बल बीज देने की बात कही। इसके बाद भी रुपये मांगे गए, लेकिन बीज नहीं भेजा गया।
साइबर ठगी का शिकार होने की जानकारी पर पीड़ित ने साइबर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर साइबर थाना रीता यादव ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। |