पता पूछने के बहाने महिला को बुलाया, फिर चेहरे पर फेंका तेजाब।
जागरण संवाददाता, लुधियाना। पंजाब के लुधियाना जिले दुगरी के अर्बन विहार स्थित अग्रवाल करियाना स्टोर के पास में एक महिला को बाइक सवार शख्स ने पता पूछने के बहाने बुलाया और फिर उसके चेहरे पर टायलेट क्लीनर जैसा रासायनिक पदार्थ फेंक कर फरार हो गया।
झुलसी हालत में महिला चीखती हुई भागी तो आसपास के लोग एकत्र हुए। गंभीर रूप से घायल 40 वर्षीय सावित्री देवी को तत्काल सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत नाजुक देखते हुए पीजीआई रेफर कर दिया गया।
तेजाब के कारण आंखें बुरी तरह झुलस गई हैं। थाना दुगरी की पुलिस ने महिला के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली है। बाइक के नंबर के आधार पर आरोपित को ट्रेस किया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, सावित्री देवी मूलरूप से उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के बरबतापुर गांव की रहने वाली हैं और वर्तमान में गुरु ज्ञान विहार इलाके में रहती हैं। वह दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। उनके तीन बच्चे हैं। सोमवार शाम करीब साढ़े चार बजे वह एक निर्माणाधीन भवन में काम कर रही थीं।
इसी दौरान सिर पर कपड़ा बांधकर और हेलमेट पहनकर एक युवक बाइक पर वहां पहुंचा। उसने सावित्री को पास बुलाया और रास्ता पूछने लगा। जैसे ही वह उसके करीब पहुंचीं, युवक ने पहले से खुली बोतल में रखा तेजाब उनके चेहरे पर फेंक दिया। घटना के बाद हमलावर बाइक स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया।
पहले से खोल रखा था बोतल का ढक्कन, फिर फेंका तेजाब
पीड़िता की भतीजी निशा ने कहा कि मैं और मेरी बुआ सावित्री रोज की तरह एक निर्माणाधीन बिल्डिंग पर काम कर रहे थीं। हम मशीन में मिक्सचर भर रहे थे। तभी सामने से एक बाइक पर शख्स आया। उसने आकर मेरी बुआ को बुलाया, वो कोई रास्ता पूछ रहा था।
मेरी बुआ उसकी तरफ बढ़ रही थीं। मैंने देखा कि उक्त शख्स ने हाथ में एक बोतल पकड़ रखी थी, जिस पर ढक्कन नहीं था और उसका बाइक स्टार्ट था। जब बुआ उसके पास जाकर खड़ी हुईं तो उक्त शख्स ने बोतल उसके चेहरे पर उड़ेल दी। इतना करते ही वो फरार हो गया। मेरी बुआ चीख रही थीं।
हमने उसे उठाकर ऑटो में डाला और अस्पताल पहुंचाया। क्योंकि एंबुलेंस नहीं आई थी। उनका आरोप है कि उनके पास अपना मोबाइल था। लेकिन जब वो अस्पताल से रेफर हुए तो उनका मोबाइल चोरी हो गया। इधर-उधर तलाशा लेकिन कहीं नहीं मिला। उनका आरोप है कि स्टाफ ने मोबाइल चोरी कर लिया।
फोन के दो घंटे बाद पहुंची पुलिस: परिजन
सावित्री के भतीजे मनीष ने बताया कि इस मामले के बाद उन्होंने पुलिस को फोन किया, लेकिन शिकायत के दो घंटे के बाद भी पुलिस नहीं आई। जबकि मौके पर तीन सीसीटीवी कैमरे लगे थे। दो घंटे बाद पुलिस आई और फिर वहां की फुटेज को कब्जे में लिया। उनका आरोप है कि जब वाकया हुआ तो काफी लोग मौजूद थे। लेकिन कोई भी मदद के लिए आगे नहीं आया और आरोपित आसानी से निकल गया।
पुलिस जांच में जुटी
थाना दुगरी पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपित को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। यह घटना शहर की सुरक्षा व्यवस्था और रसायनों की खुलेआम बिक्री पर भी सवाल खड़े करती है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में दहशत का माहौल है। |