जागरण संवाददाता, लखनऊ। काकोरी के लालता खेड़ा गांव में सोमवार देर रात ससुराल पहुँचे दो सगे भाइयों के साथ देर रात हुई मारपीट की घटना में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद गांव में सन्नाटा और परिजनों में कोहराम मच गया।
इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर के अनुसार झगड़े में घायल हुए रामसागर (24) को सरोजनीनगर सीएचसी में भर्ती कराया गया था, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
पीलीभीत के माधव टांडा निवासी राहुल गौतम ने बताया कि उसके भाई रामसागर को बंथरा थाना क्षेत्र के लोनहा निवासी पंकज उर्फ बल्ले ने मृतक की पत्नी कामिनी से मिलने के लिए लालता खेड़ा बुलाया था।
आरोप है कि वहां पहुंचने पर गांव निवासी सुमित, अमित और पंकज ने मिलकर दोनों भाइयों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
राहुल का कहना है कि आरोपियों ने रामसागर को बेरहमी से पीटा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में एंबुलेंस से उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। गांव में भी घटना को लेकर तनाव का माहौल है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। |