ओडिशा में जुआ अड्डे पर रेड के दौरान गोलीबारी। फोटो AI जनरेटेड
जागरण संवाददाता, भुवनेश्वर। खुर्दा जिले के टांगी के पास कुहुड़ी इलाके में चल रहे एक बड़े जुआ अड्डे पर पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान जुआरियों ने भागने की कोशिश करते हुए पुलिस को डराने के लिए ब्लैंक फायरिंग की, ऐसी जानकारी मिली है।
टांगी थाना क्षेत्र के अंतर्गत कुंजुरी काजू जंगल के पहाड़ी इलाके में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की सूचना मिलने पर टांगी के आईआईसी रवींद्र भुजबल के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने छापेमारी की।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने अड्डे से 10 लाख 38 हजार 500 रुपये नकद, एक महंगी थार गाड़ी, 36 मोबाइल फोन और 4 मोटरसाइकिल जब्त की है। इसके साथ ही 20 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस की इस अचानक की गई छापेमारी के दौरान कुछ जुआरी फरार होने में सफल रहे, ऐसी सूचना है। बताया जा रहा है कि फरार लोगों में गंजाम जिले के एक विधायक के दो करीबी लोग भी शामिल हैं, हालांकि आईआईसी भुजबल ने इस दावे का खंडन किया है।
वहीं दूसरी ओर, जुआरियों की ओर से पुलिस पर वास्तव में ब्लैंक फायरिंग की गई थी या नहीं, इस बारे में पुलिस ने अभी तक कोई स्पष्ट बयान नहीं दिया है। |