LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 313
यूपी का वो स्टेशन जहां प्लेटफॉर्म तक पहुंच रहीं सरकारी गाड़ियां
जागरण संवाददाता, रायबरेली। स्टेशन की व्यवस्था सवालों के घेरे में है। प्लेटफार्म नंबर एक, जो यात्रियों के आवागमन के लिए निर्धारित है, वहां इन दिनों बाइक व अन्य वाहनों की आवाजाही आम बात बन चुकी है। यात्रियों की सुरक्षा से जुड़ी यह बड़ी लापरवाही पर सवाल खड़े कर रही है।
स्टेशन परिसर में प्रवेश करते ही प्लेटफार्म नंबर एक पर कई जगह दोपहिया वाहन खड़े दिखाई देते हैं। कुछ लोग तो वहीं पर अपनी गाड़ियों में सामान तक लादते हुए नजर आते हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि नीली बत्ती लगी सरकारी गाड़ियां तक प्लेटफार्म तक पहुंचकर नियमों की खुलेआम धज्जियां उड़ाती दिखती हैं।
रेलवे के नियमों के अनुसार प्लेटफार्म क्षेत्र में किसी भी प्रकार के वाहन का प्रवेश वर्जित है, परंतु यहां जिम्मेदार से लेकर आम व्यक्ति तक नियमों को ताक पर रखे हुए हैं। स्टेशन मास्टर कार्यालय के नीचे तक बाइक की कतारें लगी हुई हैं, जिससे न केवल यात्रियों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है बल्कि सुरक्षा व्यवस्था पर भी गंभीर प्रश्नचिह्न लग जाता है।
स्टेशन पर तैनात सुरक्षा कर्मी भी इस ओर ध्यान नहीं देते दिखाई देते। यात्री हीरालाल , हरिशंकर, बबलू, विमलचंद्र, ककोरे का कहना है कि प्लेटफार्म पर वाहन खड़े होने से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
उन्होंने रेलवे अधिकारियों से मांग की है कि इस पर तत्काल रोक लगाई जाए और सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। आरपीएफ पोस्ट प्रभारी एके सिंह का कहना है कि हम बाहर है फिलहाल आरपीएफ की टीम सुरक्षा को लेकर प्रतिदिन लगाई जाती है।
यदि वाहन प्लेटफार्म पर आ रहे है तो उनको सीसी कैमरे के माध्यम से चिन्हित करके कार्रवाई की जाएगी। सहायक मंडल अभियंता आइके सिंह का कहना है कि रेलवे कर्मचारियों के वाहन खड़े करने के लिए जगह चिन्हित कर लिया गया है। जल्द वहां वाहन स्टैंड बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि आम यात्रियों के लिए बने वाहन स्टैंड का भी विस्तार किया जाएगा। |
|