LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 501
होली से पहले एक्टिव हुए शराब तस्कर
संवाद सहयोगी, बगहा। होली पर्व नजदीक आते ही शराब तस्कर फिर सक्रिय हो गए हैं। सीमावर्ती क्षेत्रों में धंधेबाज नए-नए तरीके अपनाकर यूपी से बिहार में शराब की खेप पहुंचा रहे हैं। कभी एनएच का बोर्ड लगी गाड़ी का इस्तेमाल किया जा रहा है तो कभी निजी और लग्जरी वाहनों के जरिए शराब की तस्करी की जा रही है।
हाल के दिनों में उत्पाद थाने की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एनएच लिखी गाड़ी से करीब 200 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद की थी। इस मामले में वाहन चालक को गिरफ्तार कर पूछताछ की गई थी। सोमवार को भी पुलिस ने सड़क निर्माण से जुड़े एक संवेदक की लग्जरी गाड़ी की जांच के दौरान 57 लीटर शराब जब्त की।
वाहन को जब्त कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यूपी से सटे धनहा–रतवल मार्ग तस्करों के लिए सुरक्षित रास्ता बनता जा रहा है। पुलिस लगातार गश्ती और वाहन जांच अभियान चला रही है, फिर भी तस्कर नए हथकंडे अपनाकर शराब की खेप पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं। होली को देखते हुए प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है।
शराब की बरामदगी व धंधेबाज की गिरफ्तारी के लिए बगहा पुलिस लगातार अभियान चला रही है। जिसका परिणाम है कि आए दिन शराब की बरामदगी के साथ धंधेबाज को गिरफ्तार किया जा रहा है। अभी होली आने वाली है। जिसे देखते हुए यूपी की सीमा पर विशेष चौकसी बरती रही है। साथ ही थानावार छापेमारी करने का आदेश दिया गया है। जिससे कि दूसरे राज्य से शराब का स्टॉक नहीं हो सके। - रामानंद कुमार कौशल, एसपी, बगहा
शराब के धंधेबाज की पहुंच पुलिस तक
उत्पाद थाने के द्वारा सोमवार को जब्त लग्जरी गाड़ी व धंधेबाज का पहुंच जिले के कई पुलिस कर्मियों से है। कारण कि उक्त धंधेबाज जब उत्पाद थाने के हत्थे चढ़ा तो जिले के कई पुलिस कर्मियों को सीधे नाम लेकर बात करने को भी कहा था, लेकिन उत्पाद थाने की पुलिस एक नहीं सुनी।
शराब के धंधेबाज का पुलिस तक पहुंच का सबसे बड़ा साबूत यह मिला है। जिस स्कॉर्पियो को पुलिस ने जब्त किया है, उसके आगे पीछे कही भी नंबर नहीं है। इसके साथ ही पूरी गाडी़ में प्रतिबंधित काला शीशा भी लगा हुआ है। उक्त गाड़ी प्रतिदिन रतवल-धनहा मार्ग से यूपी से बिहार आती-जाती थी। बीच में नदी व चौतरवा थाना भी पड़ता है।
यातायात थाना व हाईवे गश्ती भी उसी मार्ग मं वाहन जांच करती है। देखने से पूरी तरह से वीआईपी सेट में गाड़ी थी। बगैर नंबर व काला शीशा लगने के बाद भी अभी तक उक्त गाड़ी पुलिस को नजर नहीं आ रही थी, जबकि आम जनता की गाड़ी पर नंबर अधूरा या किसी कागज में गड़बड़ी मिलने पर सीधे चालान काट दिया जाता है। |
|