प्रतीकात्मक तस्वीर।
संवाद सूत्र, सत्तरकटैया (सहरसा)। सत्तरकटैया (सहरसा): बिहरा थाना क्षेत्र के औकाही पंचायत में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और गर्भपात कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। पूछताछ में आरोपित ने कई प्रकार के बहाने बनाए। कभी कुछ तो कभी कुछ। आरोपित ने कहा कि मैं भला ऐसा क्यों करता। लड़़की तो मेरी दोस्त है। मुझपर झूठा इल्जाम लगाया गया है।
स्वजन के अनुसार दुम्मा गांव निवासी एक युवक का नाबालिग से परिचय था। उसी युवक ने दोस्ती का नाजायज फायदा उठाया। आरोप है कि उसने बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। परिजनों का कहना है कि गर्भ की जानकारी मिलने के बाद युवक ने पीड़िता को दवा दी, ताकि गर्भपात हो सके। दवा लेने के बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर वह बेहोश हो गई।
- पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज
- अस्पताल में चल रहा पीड़िता की इलाज
- घटना के बाद भी गांव में तनाव है
- लड़़की का उपचार किया जा रहा है
घटना के बाद परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया। चिकित्सकीय जांच में गर्भावस्था की पुष्टि हुई। इसके बाद पीड़िता की मां ने बिहरा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपित पर दुष्कर्म और गर्भपात कराने के प्रयास का आरोप लगाया।
थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने आरोपित अमरजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पीड़िता का इलाज अस्पताल में जारी है और उसकी स्थिति पर चिकित्सकीय निगरानी रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई विधि अनुसार की जाएगी। |
|