सांकेतिक तस्वीर।
जागरण संवाददाता, आगरा। साइबर अपराधियों ने क्रिप्टो करेंसी में निवेश पर दस गुणा लाभ का लालच देकर एलआइसी एजेंट से 38 लाख रुपये से अधिक ठग लिए।
एजेंट द्वारा रकम निकालने की कहने पर 28 लाख रुपये और मांगे जाने पर उसे साइबर अपराधियों के जाल में फंसने का पता चला। पीड़ित ने साइबर क्राइम थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।
कोतवाली थाना क्षेत्र के सेठ गली निवासी राजीव यादव एलआइसी एजेंट हैं। उन्होंने साइबर क्राइम थाने पर शिकायत की थी।
राजीव के अनुसार एक महीने पहले उनके वाट्सएप पर अपरिचित नंबर से क्रिप्टो करेंसी की आनलाइन ट्रेडिंग पर दस गुणा लाभ होने का मैसेज आया था।मैसेज भेजने वाले को हां कहने पर उसने साइट से जुड़े एक ग्रुप में जोड़ लिया।
उन्होंने पहले 10 हजार रुपये निवेश किए, जिसके बदले उन्हें अच्छा लाभ दिखाया गया। जिसके बाद उनसे एक लाख रुपये की ट्रेडिंग और पांच दिन का अनुबंध किया गया।
साइबर अपराधियों ने उन्हें लगाताार मुनाफा दिखाते हुए कमीशन के नाम पर यूपीआई व आरटीजीएस से 37.64 लाख रुपये अपने खाते में हस्तांतरित करा लिए। उनसे कुल 38.74 लाख रुपये आरोपितों ने ठग लिए।
पांच दिन बाद रकम वापसी की बात करते हुए उन्होंने अपना निवेश वापस मांगा तो ग्रुप से जुड़े अनीस मैथ्यू नाम के व्यक्ति ने उनसे 28 लाख रुपये और जमा कराने को कहा। जिससे एलआइसी एजेंट राजीव यादव को ठगी का शक हुआ।
इंस्पेक्टर साइबर क्राइम थाना रीता सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज किया है। खातों व नंबरों के आधार पर साइबर अपराधियों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया जा रहा है। |
|