हिमाचल प्रदेश में तहसील स्टाफ के एक साथ घूमने जाने पर नोटिस जारी किया गया है। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, नाहन। हिमाचल प्रदेश में एक गजब मामला सामने आया है। जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल की माजरा तहसील के अधिकारियों का नया कारनामा सामने आया है। माजरा के नायब तहसीलदार इंद्र कुमार सहित तहसील स्टाफ मेडिकल लीव के बहाने राजस्थान में सैर स्पाटा कर रहे थे।
स्टाफ के कर्मचारियों की राजस्थान की कई फोटो और वीडियो इंटरनेट मीडिया पर भी वायरल हो रही हैं। इसके बाद मामला एसडीएम पावटा साहिब गुंजीत सिंह चीमा के संज्ञान में आया और उन्होंने नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
सारा स्टाफ गायब, लोग परेशान
सारे स्टाफ के छुट्टी जाने के बाद माजरा तहसील में आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जबकि दूर-दूर से आए लोग निराश लौट रहे थे, जबकि अधिकारी और कर्मचारी जैसलमेर में घूम रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि ऐसे अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी चाहिए और उनके खिलाफ मामला दर्ज किया जाना चाहिए।
छुट्टी देने वाले तहसीलदार को भी नोटिस
यह नोटिस माजरा के नायब तहसीलदार इंद्र कुमार को जारी किया गया है कि उन्होंने मेडिकल लीव के बहाने जैसलमेर घूमने का प्लान बनाया और अपने स्टाफ को भी साथ ले गए। इसके साथ ही स्टाफ को छुट्टी देने के लिए पांवटा साहिब के नए तहसीलदार रविंद्र सिसोदिया को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। इसके अलावा छुट्टी गए स्टाफ को भी नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
एसडीएम ने मांगी लोकेशन
मामले की पुष्टि करते हुए एसडीएम गुंजीत सिंह चीमा ने बताया कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की लोकेशन मांगी गई है। अभी तक जैसलमेर घूमने गए अधिकारियों और कर्मचारियों ने अपनी लोकेशन नहीं दी है। इन सभी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है, जल्द ही इनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आलाधिकारियों को इस विषय में सूचित कर दिया गया है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल विधानसभा: कर्मचारियों की ट्रांसफर में ही उलझे रहते हैं मंत्री, विपक्ष के प्रश्न पर CM बोले- नीति बनेगी; हाजिरी पर भी बवाल |
|