जागरण संवाददाता, कानपुर। यूपी बोर्ड की परीक्षा आज यानी 18 मार्च बुधवार से शुरू हो गई हैं। माध्यमिक शिक्षा बोर्ड और परीक्षार्थियों ने भले ही पेपर की पूरी तैयारी कर ली लेकिन ट्रैफिक ने पसीने छुड़ा दिए। शहर में कई जगहों पर जाम से परीक्षार्थियों के साथ अभिभावक जूझते दिखाई दिए। लेट होने पर बच्चों को किसी तरह से परीक्षा केंद्र पहुंचाने की जद्दोजहद में जाम के बीच लोगों से निकलने की रिक्वेस्ट करते दिखे।
यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा बुधवार से जिले के 124 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गईं। सुबह पाली पाली में सुबह 8:30 बजे हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा शुरू हुई है। पहली पाली में 46430 परीक्षार्थी परीक्षा में पहुंचना था। जबकि दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक हो रही है। इसमें 12वीं के 46014 परीक्षा की सामान्य हिंदी का पेपर देंगे। कानपुर शहर में 124 परीक्षा केंद्रों पर 10वीं और 12वीं के 92444 परीक्षार्थी दो पालियों में हिंदी व सामान हिंदी की परीक्षा देंगे।
पहली पाली में हाइस्कूल की परीक्षा देने पहुंचे परीक्षार्थियों की सघन तलाशी के बाद उन्हें परीक्षा केंद्रों पर प्रवेश दिया गया। सुबह 7:30 से ही परीक्षार्थी परीक्षा केंद्रों पर पहुंचना शुरू हो गए थे। हरजिंदर नगर इंटर कॉलेज में हाई स्कूल के परीक्षार्थियों को लाइन लगाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा था। केंद्र पर छात्रों और छात्रों के चेकिंग के लिए पुरुष व महिला शिक्षकों की तैनाती की गई थी।
दोपहर की पाली वाले फंसे छात्र
दोपहर में दो बजे 12वीं का पेपर है। जिले में 124 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसके लिए छात्र परीक्षा देने के लिए निकले। इसी दौरान कई स्कूलों की भी छुट्टी होती है। इसके अलावा शहर में जगह-जगह खुदाई यातायात व्यवस्था के लिए नासूर बनती जा रही है। ऐसे में शहर में जाम से जूझने लगा। यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई। नौबस्ता से लेकर बर्रा, साकेतनगर, गोविंदनगर, फजलंगज, लाल बंगला में जाम लग गया। हालत ये रही कि परीक्षार्थी किसी तरह से अभिभावकों की गाड़ी छोड़कर पैदल ही निकलने लगे। कई जगहों पर खुद पुलिसकर्मी भी हताश दिखाई दिए। |
|