इंदौर नगर निगम कार्यालय (फाइल फोटो)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शहर में नर्मदा प्रोजेक्ट से जुड़े अहम सुधार कार्यों के लिए नगर निगम 19 फरवरी से 48 घंटे का मेगा शटडाउन लेने जा रहा है। वाचू पाइंट पर 1200 एमएम व्यास की क्षतिग्रस्त पुरानी पाइप लाइन को बदलकर नई लाइन बिछाई जाएगी। इसके चलते 19, 20 और 21 फरवरी को शहर के कई हिस्सों में जलापूर्ति बाधित रहेगी।
नगर निगम जलकार्य प्रभारी बबलू शर्मा के अनुसार, पुरानी पाइप लाइन में हाल ही में गंभीर क्षति आई थी, जिससे बड़ी मात्रा में पानी का अपव्यय हो रहा था। लीकेज को स्थायी रूप से रोकने और सप्लाई व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए लाइन का पूर्ण प्रतिस्थापन जरूरी हो गया था। शटडाउन 19 फरवरी की सुबह से प्रभावी होगा। इस दौरान प्रथम और द्वितीय चरण के सभी पंप बंद रहेंगे। प्रभावित इलाकों में पानी के टैंकरों से आपूर्ति के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
शटडाउन के दौरान ये प्रमुख कार्य होंगे
- वाचू पाइंट पर 1200 एमएम व्यास की क्षतिग्रस्त पाइप लाइन का प्रतिस्थापन।
- प्रथम व द्वितीय चरण (180 एमएलडी) के सब-स्टेशन 132 केवी छोटी खरगोन में ट्रांसफार्मर ऑयल टॉपअप, सीटी ट्रांसफार्मर, आइसोलेटर और इंसुलेटर की सर्विसिंग।
- 33 केवी ट्रांसमिशन लाइन का संधारण और 400 केवी वीटी मोटर पंपों की सर्विसिंग।
- नदी में स्थापित सबमर्सिबल पंपों व चैनलों की सफाई।
- 363 एमएलडी भकलाई प्लांट में चैनल, नाडल चैंबर और क्लेरिफायर टैंक की सफाई।
इन क्षेत्रों में असर
नर्मदा प्रथम और द्वितीय चरण की पाइप लाइन बंद रहने से 19 और 20 फरवरी को अन्नपूर्णा टंकी एवं बिलावली टंकी क्षेत्र में सीधी जलापूर्ति नहीं होगी।
यह भी पढ़ें- ‘दाऊद जी एक ही बार बोलते हैं…’ स्ट्रीट डॉग की शिकायत पर डॉक्टर को विदेश से धमकी, साइबर सेल जांच में जुटी
20 और 21 फरवरी को अन्नपूर्णा, छत्रीबाग, राजमोहल्ला, एमओजी लाइन, लोकमान्य नगर, द्रविड़ नगर, महाराणा प्रताप नगर, जिंसी हाट मैदान, नरवल, टिगरिया बादशाह, सुभाष चौक, सदर बाजार, गांधी हाल, मल्हार आश्रम, स्कीम-103, कुशवाह मोहल्ला, बाणगंगा और जय हिंद नगर की टंकियां खाली रहेंगी, जिससे इन इलाकों में सप्लाई पूरी तरह बाधित रहेगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे अग्रिम जल भंडारण कर लें और आवश्यकतानुसार टैंकर सुविधा का उपयोग करें। मेगा शटडाउन के बाद सप्लाई व्यवस्था पहले से अधिक सुचारु होने का दावा किया गया है। |