LHC0088 • 4 hour(s) ago • views 744
एपस्टीन फाइल में नोबेल विजेता जेम्स वॉटसन का नाम न्यूयॉर्क घर की तस्वीरों से बढ़ा विवाद (फोटो सोर्स- सोशल मीडिया)
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। अमेरिका के कुख्यात यौन अपराधी जैफ्री एप्सटीन से जुड़ी फाइलों में नया खुलासा हुआ है। इन दस्तावेजों में नोबेल पुरस्कार विजेता वैज्ञानिक जेम्स वॉटसन की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं। तस्वीरों में वह न्यूयॉर्क स्थित एप्सटीन के घर में तीन युवतियों के साथ दिखाई दे रहे हैं। इन लड़कियों के चेहरे अमेरिकी न्याय विभाग ने ब्लर कर दिए हैं।
तस्वीरों की तारीख साफ नहीं है। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के मुताबिक इन तस्वीरों को किसी आपराधिक गतिविधि का सबूत नहीं माना गया है। फिर भी इनके सामने आने के बाद विवाद जरूर बढ़ गया है। बताया गया है कि ये तस्वीरें एप्सटीन के न्यूयॉर्क स्थित घर की हैं। इससे पहले जारी ईमेल में दोनों के बीच संपर्क के संकेत मिले थे, लेकिन घर के अंदर की तस्वीरें पहली बार सामने आई हैं।
वॉटसन ने किस चीज की खोज की थी?
जेम्स वॉटसन दुनिया के प्रसिद्ध जीव वैज्ञानिकों में गिने जाते हैं। उन्होंने 1953 में डीएनए की दोहरी कुंडली (डबल हेलिक्स) संरचना की खोज की थी। यह खोज आधुनिक जेनेटिक्स की नींव मानी जाती है। इस महत्वपूर्ण खोज के लिए उन्हें और फ्रांसिस क्रिक को 1962 में मेडिसिन का नोबेल पुरस्कार दिया गया था।
DNA की संरचना समझ आने के बाद आनुवांशिकी के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आए। वॉटसन का निधन 2025 में 97 वर्ष की आयु में हुआ। उनकी मौत के बाद अब उनका नाम एप्सटीन से जुड़ी फाइलों में सामने आया है।
अमेरिकी न्याय विभाग ने जारी की तस्वीरें
अमेरिकी न्याय विभाग द्वारा जारी दस्तावेजों में वॉटसन एप्सटीन के घर में तीन युवतियों के साथ खड़े दिख रहे हैं। तस्वीरों में एक महिला के हाथ में एक दस्तावेज है, जिसका शीर्षक है \“Stopping Incurable Cancers Through Eliminating Their Anti-Oxidansts\“।
बताया गया कि वॉटसन ने जनवरी 2013 में इसी विषय पर एक पेपर प्रकाशित किया था, हालांकि उसका नाम थोड़ा अलग था। ब्रिटेन के अखबार द डेली टेलिग्राफ के मुताबिक, तस्वीरें 2010 के दशक के बीच या आखिर की लगती है। यह वह समय था जब एप्सटीन पहले एक मामले में सजा काटकर जेल से रिहा हो चुका था। हालांकि, तस्वीरों से किसी गलत काम का सीधा प्रमाण नहीं मिला है।
जेनेटिक्स में एप्सटीन की रुचि
रिपोर्ट्स के मुताबिक, एप्सटीन को मानव जीनोम और जेनेटिक्स में खास दिलचस्पी थी। वैज्ञानिक जगत में यह दावा किया गया है कि वह \“सेलेक्टिव ब्रीडिंग\“ जैसे विचारों में रुचि रखता था, जिसकी काफी आलोचना होती रही है।
यह भी सामने आया था कि उसने न्यू मैक्सिको स्थित अपने रैंच में एक ऐसी योजना पर चर्चा की थी, जिसमें वह महिलाओं को गर्भवती कर अपने डीएनए को आगे बढ़ाना चाहता था। इसके लिए स्पर्म बैंक बनाने की बात भी कही गई थी।
वॉटसन का विवादों से पुराना नाता
वहीं, वॉटसन खुद भी अपने बयानों को लेकर विवादों में रहे। 2007 में नस्ल और बुद्धिमत्ता पर दिए गए बयान के बाद उन्होंने माफी मांगी थी। लेकिन, 2019 की एक डॉक्यूमेंट्री में अपने पुराने विचार दोहराने के बाद उनसे उनके मानक वैज्ञानिक पद छीन लिए गए थे।
क्या खतरे में है धरती? 15 हजार एस्टेरॉयड कभी भी पृथ्वी से टकरा सकते हैं, NASA का अलर्ट |
|