राजेश कुमार पांडे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक बने।
राज्य ब्यूरो, नई दिल्ली। राजेश कुमार पांडे उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक बनाए गए हैं। उन्होंने बुधवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। परिचालन में संरक्षा मानकों को मजबूत करने, समयपालन में सुधार, रेलवे बुनियादी ढांचे का तेजी से विकास और ग्राहक अनुभव और कर्मचारी कल्याण दोनों को बढ़ावा देना उनकी प्राथमिकता है।
गोरखपुर के मूल निवासी पांडे भारतीय रेलवे सिग्नल इंजीनियरिंग सेवा (आइआरएसएसई) के 1989 बैच के अधिकारी हैं। उन्होंने मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कालेज, गोरखपुर से इलेक्ट्रानिक्स में बीई और आईआईटी दिल्ली से एमटेक किया है।
बरौनी में सहायक सिग्नल एवं दूरसंचार इंजीनियर के रूप में भारतीय रेलवे में अपनी सेवा की शुरुआत की थी। रेलवे में वह कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा चुके हैं। आरडीएसओ निरीक्षण निदेशक के रूप में उन्होंने गुणवत्ता आश्वासन प्रोटोकाल में सुधार किया।
पूर्व मध्य रेलवे के समस्तीपुर मंडल में अपर मंडल रेल प्रबंधक और पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल में मंडल रेल प्रबंधक के रूप में कार्य किया। पश्चिम रेलवे में भी वह कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं।
मानसून के दौरान रेल सेवा बाधित न हो इसके लिए उनके नेतृत्व में मुंबई उपनगरीय खंड में एक्सल काउंटर की स्थापना की गई। डीआरएम के पद पर रहते हुए उन्होंने ईस्टर्न डेडिकेटेड फ्रेट कारिडोर को पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारत की स्वदेशी स्वचालित ट्रेन सुरक्षा प्रणाली कवच के विकास और कार्यान्वयन में भी उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। |