घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में बिलखकर रोते मृतक के परिजन।
जागरण टीम, घाटशिला/मुसाबनी। पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला और आसपास के क्षेत्रों में बुधवार को अलग-अलग सड़क हादसे हुए। नेशनल हाईवे-18 पर हुई एक दर्दनाक दुर्घटना में जहां सेवानिवृत्त अंचल निरीक्षक की जान चली गई, वहीं शास्त्री नगर में एक बाइक हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
एनएच-18 पार करने के दौरान हादसा घाटशिला के फुलडुंगरी चौक के पास बुधवार को तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रहे सेवानिवृत अंचल निरीक्षक बसंत कुमार (70) को अपनी चपेट में ले लिया। गंभीर रूप से घायल बसंत कुमार को तुरंत अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रेफर किया गया, लेकिन अस्पताल ले जाने के क्रम में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
पुत्री के काम से गए थे दफ्तर ढोड़ाडीह निवासी बसंत कुमार अपनी बेटी का आवासीय प्रमाण पत्र बनवाने के लिए प्रखंड कार्यालय आए थे। कार्य के बाद वे सड़क के दूसरे छोर पर चाय पीने जा रहे थे, तभी खड़गपुर से जमशेदपुर की ओर जा रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
घटना के बाद भाग रही कार को गालूडीह पुलिस ने पुतरू टोल प्लाजा के पास घेराबंदी कर पकड़ लिया। चालक और वाहन को घाटशिला पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि फुलडुंगरी चौक पर अंडरपास न होने के कारण आए दिन लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं।
मुसाबनी के शास्त्री नगर क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल युवक।
अनियंत्रित बाइक पोल से टकराई, दो घायल
मुसाबनी के शास्त्री नगर क्षेत्र में बुधवार शाम एक अन्य हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, एक तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई और झाड़ियों में जा गिरी।
हादसे में पारुलिया माहालीसाईं निवासी विकास बेसरा (24) और हिंमाशु माहली (19) गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विकास के सिर में गंभीर चोट आई है और हिमांशु का पैर टूट गया है।
स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सीएचसी केंदाडीह पहुंचाया, जहां से बेहतर इलाज के लिए उन्हें जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। |
|