search

बल‍िया में विदेश भेजने के नाम पर 4.95 लाख की ठगी, फर्जी वीजा के कारण एयरपोर्ट से वापस लौटे युवक

cy520520 2 hour(s) ago views 979
  

बलिया में विदेश भेजने के नाम पर 4.95 लाख की ठगी, फर्जी वीजा से एयरपोर्ट से लौटे युवक।  



जागरण संवाददाता, नवानगर (बलिया)। सिकंदरपुर थाना क्षेत्र में मामा के लड़के ने अपने रिश्तेदार और उसके साथियों को विदेश अजरबैजान भेजने का झांसा देकर 4.95 लाख रुपये ठग लिए। फर्जी वीजा और टिकट देकर उन्हें नई दिल्ली एयरपोर्ट तक भेज दिया गया, जहां जांच में दस्तावेज फर्जी निकले और युवक फ्लाइट पकड़ने से पहले ही लौटने को मजबूर हो गए।

न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने आरोपी रिश्तेदार समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हरनाटार दयालपुर निवासी नंदलाल यादव ने न्यायालय में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसके मामा का लड़का सुनील यादव निवासी इन्दौली मलकौली, थाना नगरा ने उसे विदेश में अच्छी नौकरी और मोटी सैलरी का लालच दिया।

आरोपित ने भरोसा दिलाया कि वह अपने संपर्कों से वीजा, टिकट और नौकरी की पूरी व्यवस्था कर देगा, लेकिन इसके लिए रुपये खर्च करने होंगे। झांसे में आकर नंदलाल यादव और उसके मित्र अशोक ठाकुर, श्याम यादव और रामकेवल यादव विदेश जाने के लिए तैयार हो गए। आरोपी ने अपने मोबाइल नंबर और क्यूआर कोड के माध्यम से किस्तों में रुपये मंगवाए।

पीड़ितों ने अलग-अलग माध्यमों से कुल 4.95 लाख रुपये आरोपी और उसके सहयोगी के खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसके अलावा पीड़ित और उसका साथी आरोपी के पंजाब स्थित आवास पर जाकर भी नगद रुपये सौंप आए। आरोपित ने बाद में व्हाट्सएप पर फ्लाइट टिकट और वीजा भेजकर 23 फरवरी 2025 को दिल्ली पहुंचने का निर्देश दिया। पीड़ित जब दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो जांच के दौरान अधिकारियों ने वीजा और टिकट को फर्जी बताते हुए फ्लाइट में बैठने से रोक दिया। इसके बाद आरोपित ने फोन कर वीजा और टिकट नष्ट करने को कहा और बाद में संपर्क करना बंद कर दिया।

पीड़ित ने बताया कि जब उसने सिकंदरपुर थाने और पुलिस अधीक्षक से शिकायत की तो कोई कार्रवाई नहीं हुई। मजबूर होकर उसने न्यायालय का दरवाजा खटखटाया। न्यायालय के आदेश पर सिकंदरपुर थाने में आरोपित सुनील यादव और उसके सहयोगी विनोद कुमार रमानी के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मूलचंद्र चौरसिया ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160538