जागरण संवाददाता, बांदा। विशेष न्यायाधीश पाक्सो एक्ट की अदालत ने बच्चों के साथ यौन शोषण कर पोर्न वीडियो इंटरनेट में प्रचलित करने वाले चित्रकूट के जेई रामभवन व उनकी पत्नी दुर्गावती को शुक्रवार शाम फांसी की सजा सुनाई है। दोषी जेई व उनकी पत्नी को अक्टूबर 2020 में सीबीआई टीम ने गिरफ्तार कर नई दिल्ली में मुकदमा दर्ज किया था। साथ में एक पैन ड्राइव भी सीबीआई ने विवेचना में शामिल की थी। जिसमें 779 बच्चों के पोर्न फोटो शामिल रहे हैं। जांच में 34 बच्चों के साथ यौनशोषण करने का मामला सामने आया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद से जेई लगातार अभी तक जेल में रहा है। |