रुड़की रोड पर छात्र की स्कूटी में लगी आग, अधिवक्ता के मकान में आग बुझाते दमकलकर्मी
जागरण संवाददाता, मोदीपुरम (मेरठ)। रुड़की रोड सेंट जोसेफ चर्च चौराहे पर तेज रफ्तार कार की टक्कर से छात्र की स्कूटी में आग लग गई। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। उधर, कंकरखेड़ा के मेहंदी मोहल्ला में अधिवक्ता के मकान में भीषण आग लग गई।
रुड़की रोड सेंट जोसेफ चर्च चौराहे पर तेज रफ्तार कार ने छात्र की स्कूटी में टक्कर मार दी। इससे स्कूटी में आग लग गई। चालक घायल हो गया उसे उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
आग से लाखों का नुकसान
कंकरखेड़ा के मेहंदी मोहल्ला में अधिवक्ता के मकान में शुक्रवार तड़के करीब चार बजे शार्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से अधिवक्ता बच गए, जिन्हें दारोगा ने सीढ़ी छत पर पहुंचाई, जिसके बाद अधिवक्ता पड़ोसी अपने भाई की छत के रास्ते नीचे पहुंचे। फायर ब्रिगेड के कर्मचारी मौके पर पहुंची और मशक्कत कर आग पर काबू पाया। मगर, आग से करीब तीन लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र में आंबेडकर रोड स्थित मेहंदी मोहल्ला निवासी राजेश भल्ला मेरठ कचहरी में अधिवक्ता हैं। राजेश की पत्नी सीमा भल्ला गृहणी, बेटा अनुज भल्ला शामली में सरकारी शिक्षक हैं, जबकि बेटी अंजली बीएड कर रही हैं। अधिवक्ता राजेश ने बताया कि गुरुवार रात वह पूरे परिवार के साथ खाना खाकर ग्राउंड़ फ्लोर के कमरों में सो रहे थे। मकान के प्रथम तल पर एक कमरा है, जिसमें सभी सामान होने के साथ ही शिक्षक अनुज का स्टडी रूम भी है।
शुक्रवार सुबह करीब पौने चार बजे बिजली गुल हो गई और इंवर्टर भी बंद हो गया। अनुज की आंख खुली तो घर में अंधेरा था। अनुज ने अपने पिता राजेश भल्ला को उठाया और ऊपर छत पर पहुंचे, जहां देखा कि कमरे में आग लगी हुई थी, दरवाजा बंद था। पिता-पुत्र ने कमरे का दरवाजा किसी तरह खोला तो आग की लपटें बाहर निकलने लगीं। शोर शराबे के बीच राजेश की पत्नी, बेटी और पड़ोसी भी नींद से जाग गए। पिता-पुत्र ने मिलकर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। मगर, आग बढ़ने लगी।
अनुज ने डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद कंकरखेड़ा थाने की कस्बा चौकी प्रभारी विनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। वहीं फायर ब्रिगेड गाड़ी भी मौके पर पहुंची। अनुज तो नीचे आ गए, मगर राजेश छत पर ही रह गए। दारोगा विनीत कुमार ने राजेश भल्ला के लिए दीवार से लकड़ी की सीढ़ी खड़ी की, जिससे वह नीचे आ जाएं। मगर, सीढ़ी छोटी होने की वजह से उन्होंने मना कर दिया।
बाद में दारोगा ने सीढ़ी छत पर पहुंचाई, जिसके बाद राजेश ने सीढ़ी को अपने बड़े भाई सुरेश भल्ला के मकान दीवार से लगाकर उनकी छत पर चढ़े, फिर नीचे पहुंचे। इस दौरान दमकल कर्मियों ने मशक्कत कर आग पर काबू पाया। पीड़ित राजेश ने बताया कि आग वाले कमरे का बल्ब जलता रहता था, संभवत: शार्ट सर्किट से आग लगी है। आग से करीब तीन लाख के नुकसान का अनुमान है। दारोगा विनीत कुमार ने बताया कि शार्ट सर्किट से आग लगी थी, जिसे काबू पा लिया गया। अधिवक्ता को भी सुरक्षित निकाला गया। |