संवाद सूत्र, अमेठी। होली त्योहार पर घर आने वाले यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने अतिरिक्त बसों के संचालन का निर्णय लिया है। होली के मद्देनजर 14 स्पेशल बसें चलाने की तैयारी चल रही है। इन बसों का संचालन दिल्ली, लखनऊ, मथुरा सहित अन्य प्रमुख महानगरों के लिए किया जाएगा।
एआरएम काशी प्रसाद ने बताया कि होली के अवसर पर महानगरों में रोजगार व व्यवसाय के सिलसिले में रह रहे बड़ी संख्या में लोग अपने घर लौटते हैं। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी यात्री को परेशानी का सामना न करना पड़े। नियमित सेवाओं के अलावा स्पेशल बसें संचालित कर यात्रियों को राहत दी जाएगी।
कहा कि रोडवेज प्रशासन की ओर से यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। बस अड्डों पर अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। टिकट काउंटर पर भी भीड़ नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था रहेगी। जरूरत पड़ने पर और बसें बढ़ाई जा सकती हैं।
यात्रियों से अपील की है कि वे समय से बस अड्डे पर पहुंचें और अधिकृत काउंटर से ही टिकट लें। किसी भी प्रकार की असुविधा होने पर यात्री परिवहन विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर सकते हैं। परिवहन विभाग के इस निर्णय से होली पर घर लौटने वाले यात्रियों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
यह भी पढ़ें- अमेठी में बदमाशों ने छीना दूल्हे के पिता से रुपयों से भरा बैग, पुलिस खंगाल रही CCTV |