भारत गौरव विशेष पर्यटक ट्रेन 24 अप्रैल को फिरोजपुर से प्रस्थान करेगी।
जागरण संवाददाता, चंडीगढ़। ट्राईसिटी के श्रद्धालुओं को दक्षिण भारत के प्रमुख तीर्थ स्थलों के दर्शन का सुनहरा अवसर मिलने जा रहा है। भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम लिमिटेड (आईआरसीटीसी) ने दक्षिण भारत यात्रा नाम से विशेष रेल टूर पैकेज की घोषणा की है।
इसके अंतर्गत भारत गौरव विशेष पर्यटक ट्रेन 24 अप्रैल को फिरोजपुर से प्रस्थान करेगी। यह ट्रेन चंडीगढ़ सहित पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के विभिन्न स्टेशनों से यात्रियों को साथ लेकर दक्षिण भारत के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों की यात्रा कराएगी।
इस विशेष सेवा में 3एसी (इकोनामी) श्रेणी में यात्रा की सुविधा उपलब्ध होगी। इच्छुक यात्री आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट www.irctctourism.com पर जाकर विस्तृत जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। चंडीगढ़ स्थित आईआरसीटीसी कार्यालय और अधिकृत एजेंटों के माध्यम से भी बुकिंग करवाई जा सकती है।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी विशेष ट्रेन
यात्रा को इस प्रकार डिजाइन किया गया है कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, आरामदायक और सुव्यवस्थित अनुभव मिल सके। ट्रेन फिरोजपुर से रवाना होकर बठिंडा, सिरसा, हिसार जंक्शन, जाखल, धूरी, लुधियाना जंक्शन, एसएएस नगर (मोहाली), चंडीगढ़, अंबाला कैंट, कुरुक्षेत्र, करनाल, पानीपत, दिल्ली सफदरजंग, मथुरा जंक्शन, आगरा कैंट, ग्वालियर जंक्शन तथा वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन से होकर गुजरेगी।
इन प्रमुख तीर्थ स्थलों के होंगे दर्शन
इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तिरुपति बालाजी मंदिर में भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के दर्शन, रामनाथस्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना, मीनाक्षी अम्मन मंदिर के दर्शन, कन्याकुमारी के दर्शनीय स्थलों का भ्रमण तथा मल्लिकार्जुन ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन का अवसर मिलेगा। इन सभी स्थानों पर स्थानीय भ्रमण की समुचित व्यवस्था भी की जाएगी।
स्टैंडर्ड और कंफर्ट श्रेणी में उपलब्ध होगा पैकेज
यात्रा पैकेज दो श्रेणियों (स्टैंडर्ड और कंफर्ट) में उपलब्ध कराया जाएगा। स्टैंडर्ड श्रेणी का शुल्क प्रति व्यक्ति 35,995 रुपये निर्धारित किया गया है, जिसमें बजट होटलों में नॉन एसी आवास, मल्टी-शेयरिंग आधार पर वाॅश एवं चेंज सुविधा तथा नाॅन एसी बसों से स्थानीय परिवहन शामिल है।
कंफर्ट श्रेणी का शुल्क प्रति व्यक्ति 41,750 रुपये रखा गया है, जिसमें एसी कमरों में ठहराव, एसी वाॅश एवं चेंज सुविधा तथा एसी बसों से स्थानीय परिवहन की व्यवस्था होगी। इसके अलावा यात्रा के दौरान 3एसी (इकोनामी) श्रेणी में रेल सफर, शुद्ध शाकाहारी भोजन, स्थानीय भ्रमण, बस सुविधा, यात्रा बीमा, सुरक्षा व्यवस्था और सभी लागू कर पैकेज में शामिल रहेंगे। |