प्रेम विवाह करने वाले अजय और मुनतरीन उर्फ मुस्कान। सौ. स्वयं
जागरण संवाददाता, मुरादाबाद। बिलारी क्षेत्र के गांव सनाई निवासी प्रेमी युगल ने घर से फरार होकर शादी कर ली। मुतनरीन ने अपना नाम मुस्कान रखकर अजय के साथ शिव मंदिर में सात फेरे लिए। इसके बाद दोनों एसएसपी सतपाल अंतिल के कार्यालय पहुंच गए। दोनों अपनी जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। एसएसपी के आदेश पर दोनों के पास सुरक्षाकर्मी भेजे गए हैं। अब दोनों दिल्ली चले गए हैं।
गांव सनाई निवासी अजय कश्यप और इसी गांव की मुनतरीन का तीन साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों अलग धर्म के हैं। ऐसे में दोनों के सामने शादी करने की अड़चन आ रही थी। दोनों के परिवार उनकी शादी के लिए तैयार नहीं थे। कई बार विवाद भी हुआ। एक बार युवती के स्वजन ने युवक के खिलाफ प्राथमिकी भी दर्ज कराई, लेकिन दोनों एक-दूसरे से शादी करने पर अड़े रहे।
युवती के घर से निकलने पर भी रोक लगा दी गई थी। लेकिन शुक्रवार सुबह वह घर से निकली और अजय के पास पहुंच गई। दोनों ने पहले अधिवक्ता का सहयोग लेकर बिलारी के शिव मंदिर में शादी की और बाद में वे एसएसपी के पास पहुंच गए। एसएसपी ने मामले की जानकारी लेने के बाद दोनों को सुरक्षा देने के निर्देश दिए। इसके बाद दोनों को पुलिस सुरक्षा मिल गई और वे दिल्ली चले गए।
युवती के स्वजन ने मुरादाबाद तक किया पीछा
युवती जैसे ही घर से निकली तो उसके स्वजन भी पीछा करने लगे। जब उन्हें जानकारी मिली कि वह मुरादाबाद पहुंच गई है। ऐसे में स्वजन लोगों के साथ मुरादाबाद पहुंच गए, लेकिन युवती अधिवक्ता के पास थी। अधिवक्ता उसे लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे तो लोग युवती को पकड़ने की हिम्मत नहीं जुटा पाए। जब वह एसएसपी कार्यालय से निकली तो पुलिस सुरक्षा उसके साथ थी।
रखा था रोजा, पहुंच गई मंदिर
कहते है प्यार धर्म, जाति रीति रिवाजों के बंधन नहीं देखता। वह तो बस अपनापन व साथ देने का भाव देखता है। यह बात मुनतरीन ने मुस्कान बनकर सच साबित कर दिखा दी। धर्म की दीवारें तोड़ एक दूजे के हुए प्रेमी युगल के मामले तो आए दिन सामने आते रहते हैं, लेकिन शुक्रवार को मुनतरीन ने अपने प्यार के लिए रोजा भी तोड़ दिया।
जब वह मंदिर में सात फेरे लेने के लिए पहुंची तो पंडित ने उसकी हथेली पर पीने के लिए पानी रख दिया। रोजा होने के चलते कुछ देर तक उसने सोच विचार किया, लेकिन बाद में पानी पी लिया। ऐसे में मुस्कान ने रोजा तोड़कर अजय के साथ सात फेरे लिए। अजय और मुनतरीन के घरों की दूरी करीब 100 मीटर है।
तीन साल पहले दोनों का मिलना जुलना शुरू हुआ था। दोनों एक दूसरे के घर आते जाते थे। इसके बाद दोनों के बीच प्रेम परवान चढ़ गया, लेकिन कुछ दिनों बाद ही दोनों के परिवारों को इस प्रेम कहानी की जानकारी मिल गई। साल 2024 में युवती के शिकायती पत्र के आधार पर पुलिस ने अजय के खिलाफ दुष्कर्म की धारा में प्राथमिकी दर्ज करने के बाद आरोपित को जेल भेज दिया था।
सात माह बाद अजय जमानत पर बाहर आया तो फिर दोनों मिलने लगे। गुरुवार को शुरू रमजान के पहले दिन भी मुनतरीन ने रोजा रखा और दूसरे दिन भी रोजा था। सहरी के बाद युवती घर से निकल आई और रोजा तोड़कर अजय के साथ शादी रचा ली।
युवक और युवती शिकायती पत्र लेकर आए थे। उनका कहना था कि वे दोनों बालिग हैं और शादी कर ली है। उन्होंने सुरक्षा की मांग की थी।
-सतपाल अंतिल, एसएसपी
यह भी पढ़ें- महंगे प्लॉट से मिलेगी राहत! मुरादाबाद की नई सह्याद्रि और शिवालिक योजना में आम आदमी का अपने घर का सपना होगा सच |
|