बच्चा चोर की अफवाह में मानसिक रूप से बीमार युवक को खंभे में बांधकर की पिटाई
संवाद सहयोगी, सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिंहवाड़ा थानाक्षेत्र के बिरौल में गुरुवार और शुक्रवार की रात बच्चा चोर की अफवाह में मानसिक रूप से बीमार एक युवक को खंभे से बांधकर पिटाई कर दी गई।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को खंभे से खोलकर भीड़ से सुरक्षित किया। युवक सिमरी थानाक्षेत्र के कंसी पंचायत का पाया गया। सूचना पर उसके स्वजन भी पहुंचे। बताया कि वह लंबे दिनों से मानसिक रूप से बीमार है।
वह बार-बार घर से भागकर इधर-उधर भटक जाता है। बाद में पुलिस ने युवक को थाना लाकर उसके स्वजन को सौंप दिया। बताया जाता है कि गुरुवार की देर रात युवक वाटरवेज के रास्ते बिरौल गांव पहुंच गया। जहां वह एक घर में तांकझांक कर रहा था।
इसके बाद लोगों ने उसे बच्चा चोर के संदेह पर दबोच लिया। फिर खंभे से बांधकर जमकर धुनाई कर दी । इसका वीडियो बनाकर इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित कर दिया।
संवाद सहयोगी, दरभंगा। प्रखंड कार्यालय में परिमार्जन कार्य को लेकर आम लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले लगभग 10 दिनों से कर्मचारी एवं अंचल कार्यालय के निर्देश पर उन्हें बार-बार कार्यालय बुलाया जा रहा है, लेकिन उनके कार्य का समाधान नहीं हो पा रहा है।
प्रखंड क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि परिमार्जन से संबंधित कागजात जमा करने के बावजूद कभी नए दस्तावेज की मांग तो कभी अधिकारी की अनुपस्थिति का हवाला देकर उन्हें वापस लौटा दिया जाता है।
इससे दूर-दराज गांवों से आने वाले लोगों को आर्थिक एवं मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रोजाना लंबी कतार में घंटों इंतजार करने के बाद भी काम नहीं होने से आम जनता में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
इस बाबत अंचल अधिकारी निश्चल प्रेम ने बताया कि कई लोग परिमार्जन प्रक्रिया की पूर्ण जानकारी के अभाव में बार-बार कार्यालय पहुंच जाते हैं, जिससे अनावश्यक भीड़ बढ़ती है। उन्होंने कहा कि लोगों को निर्धारित दस्तावेज एवं प्रक्रिया की सही जानकारी लेकर आने की आवश्यकता है, ताकि उनका कार्य शीघ्र निष्पादित किया जा सके। |
|