search

दिल्ली अब दूर नहीं! अंतिम ट्रायल रन में नमो भारत ने 39 मिनट में तय किया सराय काले खां से बेगमपुल तक का सफर

cy520520 1 hour(s) ago views 75
  

सराय काले खां आरआरटीएस पर खड़ी नमो भारत ट्रेनें



जागरण संवाददाता, मेरठ। अभी तक तो लोग कहते ही थे कि मेरठ से दिल्ली दूर नहीं है। अब नमो भारत ट्रेन के जरिए ये सपना सच होने से जा रहा है। वहीं, मेरठ के अंदर दिल्ली रोड का जाम और शोर को पीछे छोड़कर शहरवासी मेरठ मेट्रो के ठंडे और शांत कोच में बैठकर सुहाना सफर करेंगे।

घंटों का सफर अब मिनटों में पूरा होगा। यह सौगात 22 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा उद्घाटन करने के साथ आम लोगों को मिल जाएगी। इससे पहले शुक्रवार को एनसीआरटीसी ने फाइनल ट्रायल रन के तहत नान स्टाप स्पेशल नमो भारत और मेरठ मेट्रो ट्रेन चलाई।

सराय काले खां स्टेशन से चली नमो भारत ट्रेन को बेगमपुल स्टेशन तक पहुंचने में 39 मिनट लगे तो बेगमपुल स्टेशन से चलकर मेरठ साउथ ( भूड़बराल) स्टेशन तक महज नौ मिनट में मेरठ मेट्रो ट्रेन पहुंच गई। इसके साक्षी मीडिया प्रतिनिधि बने।

शुक्रवार को फाइनल ट्रायल रन के तहत सुबह 11.59 बजे सरायकाले खां स्टेशन से स्पेशल नमो भारत ट्रेन रवाना हुई। बिना रुके बेगमपुल स्टेशन पर दोपहर 12.30 बजे पहुंच गई। इस बीच अधिकतम रफ्तार 159 किमी प्रति घंटा दर्ज की गई। कुल 39 मिनट लगे। एनसीआरटीसी का दावा है कि नमो भारत ट्रेन अपने सभी स्टेशनों पर रुकते हुए दिल्ली से मेरठ तक का सफर 55 मिनट में पूरा करेगी।

नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कारपोरेशन (एनसीआरटीसी) ने सराय काले खां से मोदीपुरम तक के रैपिड रेल कॉरिडोर के खंड को तैयार कर लिया है। अभी न्यू अशोक नगर से मेरठ साउथ तक के बीच 11 स्टेशनों के साथ कारिडोर का 55 किमी का सेक्शन जनता के लिए खुला है। 22 फरवरी को प्रधानमंत्री द्वारा न्यू अशोक नगर से सराय काले खां तक पांच किमी के सेक्शन एवं मेरठ साउथ से मोदीपुरम तक 21 किमी के सेक्शन का उद्घाटन प्रस्तावित है।

जिसके बाद आम जनता के लिए दिल्ली-गाजियाबाद-मेरठ नमो भारत कारिडोर संचालित हो जाएगा। नमो भारत के स्टेशनों में मोदीपुरम, बेगमपुल, शताब्दीनगर, मेरठ साउथ, मोदीनगर नार्थ, मोदीनगर साउथ, मुरादनगर, दुहाई, गुलधर, गाजियाबाद, साहिबाबाद, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और सराय काले खां हैं। जिसमें आनंद विहार भूमिगत स्टेशन है। नमो भारत का कारिडोर की कुल लंबाई 82.15 किमी है।

दोपहर 1.18 बजे मेरठ मेट्रो बेगमपुल भूमिगत स्टेशन से रवाना हुई। बिना रुके मेरठ साउथ स्टेशन ( भूड़बराल ) दोपहर 1.27 बजे पहुंच गई। कुल नौ मिनट लगे। इस बीच मेरठ मेट्रो की स्पीड 98 किमी प्रति घंटा तक रही। सड़क के रास्ते बेगमपुल से भूड़बराल तक पहुंचने में 40 से 45 मिनट लगते हैं। मेरठ मेट्रो से यह सफर कितना आसान होने वाला है, इससे अंदाजा लगाया जा सकता है। एनसीआरटीसी का दावा है कि मेरठ मेट्रो अपने सभी स्टेशनों पर रुकते हुए चलेगी तो 30 मिनट में मोदीपुरम से मेरठ साउथ तक पहुंच जाएगी।

120 किमी प्रति घंटे की अधिकतम गति के साथ चलेगी। मेरठ मेट्रो कॉरिडोर की कुल लंबाई 23 किमी है। मोदीपुरम, मेरठ नार्थ, डोरली, एमइएस कॉलोनी, बेगमपुल, भैंसाली, मेरठ सेंट्रल (फुटबाल चौक), ब्रह्मपुरी, शताब्दीनगर, रिठानी, परतापुर और मेरठ साउथ पर मेट्रो रुकेगी। इसमें से चार स्टेशन मेरठ साउथ, शताब्दीनगर, बेगमपुल और मोदीपुरम नमो भारत और मेरठ मेट्रो दोनों रुकेंगी। बेगमपुल, भैंसाली और मेरठ सेंट्रल भूमिगत स्टेशन हैं। 22 फरवरी को पीएम मोदी द्वारा उद्घाटन के साथ मेरठ मेट्रो का सफर आम लोग कर सकेंगे।



भगवा रंग में रंगा बेगमपुल स्टेशन

बेगमपुल भूमिगत स्टेशन यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र रहेंगे। 70 फीट गहराई में बना यह स्टेशन भगवा रंग से रंगा हुआ है। यात्रियों की सुविधाओं के लिए एस्केलेटर, लिफ्ट, प्रवेश व निकास द्वार और पार्किंग की सुविधा भी है। आधुनिक सिग्नल सिस्टम और दो ट्रैक के साथ इस स्टेशन पर न सिर्फ तेज रफ्तार नमो भारत ट्रेन बल्कि मेट्रो की सुविधा मिलेगी।  

सबसे बड़ा स्टेशन है सराय काले खां

नमो भारत कॉरिडोर का सबसे बड़ा स्टेशन सराय काले खां है। आधुनिक डिजाइन का अद्भुत उदाहरण है। छह प्लेटफार्म, चार ट्रैक, 18 एस्केलेटर, सीसीटीवी कैमरे, लिफ्ट, वातानुकुलित वेटिंग एरिया, छह प्रवेश द्वार निकास द्वार हैं। यह मल्टी मॉडल हब के रूप में तैयार किया गया है।

यहां नमो भारत ट्रेन के प्रस्तावित दिल्ली-करनाल व दिल्ली-अलवर रूट भी मिलेंगे। इसे रेलवे और डीएमआरसी से भी जोड़ा गया है। प्लेटफार्म पर ऐसे ग्लास लगाए गए हैं जिनसे नमो भारत ट्रेन का चालक पीछे तक ट्रेन के कोच की स्थिति देख सकेगा। यह सुरक्षा के लिए किया गया है।
like (0)
cy520520Forum Veteran

Post a reply

loginto write comments
cy520520

He hasn't introduced himself yet.

510K

Threads

0

Posts

1610K

Credits

Forum Veteran

Credits
160963