विजय सिन्हा ने किया एलान। (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, पटना। उप मुख्यमंत्री सह राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री विजय कुमार सिन्हा ने कहा है कि बेहतर काम करने वाले अंचलाधिकारियों को डीसीएलआर के पद पर पदोन्नति दी जाएगी।
शनिवार को यहां पत्रकारों से बातचीत करते हुए सिन्हा ने कहा कि राजस्व कर्मचारी निर्धारित समय सीमा के भीतर लक्ष्य की प्राप्ति करें, उनके सम्मान के साथ-साथ पूर्व में हुए समझौते के बिंदुओं पर सहानुभूतिपूर्वक विचार किया जाएगा।
उनकी आवश्यक मांगों- यथा ग्रेड पे समेत आवश्यक सुविधाओं में बढ़ोत्तरी आवश्यक है। उसे सरकार पूरा करेगी। अभी 31 मार्च तक परिमार्जन के 40 लाख आवेदनों का निपटारा कराना सरकार की पहली प्राथमिकता में है। इससे फार्मर रजिस्ट्रेशन समेत भूमि सर्वेक्षण में मदद मिलेगी।
सिन्हा ने अंचलाधिकारियों को भी कहा कि वे 31 मार्च तक विभागीय लक्ष्यों को प्राप्त करें। सरकार उत्कृष्ट कार्य करने वालों को प्रोत्साहित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
अंचलाधिकारियों के डीसीएलआर में पदोन्नति की संचिका मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव तक भेजी जाएगी। शनिवार को राज्य के सभी डीसीएलआर के साथ प्रधान सचिव सीके अनिल की बैठक हुई।
इसमें डीसीएलआर न्यायालयों में प्रतिदिन सुनवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। इससे लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आएगी। इसके लिए न्यायालयों में आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा आवश्यक किताबों के लिए 50-50 हजार रुपये सभी डीसीएलआर न्यायालय को उपलब्ध कराया गया है।
काम पर लौट सकते हैं राजस्वकर्मी
प्रधान सचिव सीके अनिल ने बताया कि हड़ताली राजस्व कर्मचारियों को वार्ता के लिए बुलाया गया था। शुक्रवार को देर शाम तक 10 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से वार्ता की गई। सोमवार को इसका सकारात्मक परिणाम सामने आएगा।
प्रधान सचिव ने डीसीएलआर के साथ विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कर सभी लंबित मामलों के निष्पादन, दाखिल खारिज के सही मामलों को तीन सुनवाई में पूरा करने और राजस्व महा अभियान के तहत मिले परिमार्जन के सभी 40 लाख आवेदनों की मानिटरिंग कर निष्पादन का निर्देश दिया।
इस दौरान सचिव जय सिंह, अपर सचिव आजीव वत्सराज, उपनिदेशक मोना झा, सहायक निदेशक सह जनसंपर्क पदाधिकारी जूही कुमारी भी मौजूद थीं।
यह भी पढ़ें- अंचल कार्यालयों में अब सीसीटीवी से होगी गतिविधि की निगरानी, सुरक्षा बढ़ाने के लिए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा का एलान |
|