LHC0088 • 1 hour(s) ago • views 532
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सपकाल बने राहुल गांधी के जमानतदार (फाइल फोटो)
राज्य ब्यूरो, मुंबई। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी शनिवार को ठाणे जिले की भिवंडी मजिस्ट्रेट अदालत में पेश हुए। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (रा.स्व.संघ) के खिलाफ अपमानजनक टिप्पणी से जुड़े मानहानि मामले में राहुल गांधी ने महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल को अपना नया जमानतदार नियुक्त किया है।
इस मामले में राहुल गांधी के पिछले जमानतदार पूर्व केंद्रीय मंत्री शिवराज पाटिल थे। पिछले साल दिसंबर में उनके निधन के बाद जमानत की औपचारिकताएं पूरी करने के लिए एक नए जमानतदार की आवश्यकता थी।
कोर्ट में उपस्थित हुए राहुल गांधी
अदालत के निर्देशानुसार राहुल गांधी स्वयं उपस्थित हुए और हर्षवर्धन सपकाल के दस्तावेज जमा कर जमानत की प्रक्रिया को नया स्वरूप दिया। राहुल गांधी की यह कानूनी लड़ाई साल 2014 की एक चुनावी रैली से शुरू हुई थी।
राहुल गांधी ने भिवंडी की एक चुनावी सभा में आरोप लगाया था कि महात्मा गांधी की हत्या के पीछे संघ का हाथ था। इस बयान को संगठन की छवि धूमिल करने वाला बताते हुए रा.स्व.संघ के कार्यकर्ता राजेश कुंटे ने राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि का आपराधिक मुकदमा दर्ज कराया था।
शनिवार सुबह जब राहुल गांधी का काफिला कोर्ट पहुंचा, तो भाजपा कार्यकर्ताओं ने उन्हें काले झंडे दिखाकर विरोध प्रदर्शन किया। कोर्ट रूम में न्यायाधीश पी.एम. कोलसे के समक्ष सपकाल ने जमानतदार के तौर पर हस्ताक्षर किए, जिसे अदालत ने स्वीकार कर लिया।
4 अप्रैल को होगी अगली सुनवाई
मामले की अगली सुनवाई अब चार अप्रैल को होगी, जिसमें बचाव पक्ष के गवाहों के बयान दर्ज किए जाने की संभावना है। अदालत ने प्रक्रिया पूरी होने के बाद राहुल गांधी को भविष्य की नियमित सुनवाइयों में व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने से छूट दे दी है।
अब टोल प्लाजा पर कैश का चलन खत्म: 1 अप्रैल से फास्टैग-UPI से होगा पेमेंट, NHAI ने बदले नियम |
|